उरई। उरई स्टेशन की सुरक्षा भगवान भरोसे हो गई है। तीसरी आंख के लिए लगाए गए कैमरे गायब हो गए हैं।
इससे चोरी समेत अन्य वारदातें होने की संभावना बढ़ गई है। सुरक्षा बलों के अधिकारियों का कहना है कि इस बारे में संबंधित विभाग के इंजीनियर को अवगत कराया जा चुका है लेकिन अब तक समस्या दूर नहीं हुई है।
उरई रेलवे स्टेशन पर तीसरी आंख से निगरानी के लिए अलग-अलग स्थानों पर 40 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसका कंट्रोल रूम पुराने उप स्टेशन प्रबंधक कार्यालय में बनाया गया है।
कंट्रोल रूम में निगरानी की जिम्मेदारी आरपीएफ के जवानों को दी गई है। जो रोस्टर के अनुसार ड्यूटी करते हैं और कंट्रोल रूम के माध्यम से स्टेशन एरिया, प्लेटफॉर्म और वहां से गुजरने वाली ट्रेनों की निगरानी करते हैं। पिछले 15 दिन से अधिक समय से चार सीसीटीवी कैमरे अलग-अलग कारणों से गायब हो गए हैं।
प्लेटफार्म नंबर एक पर आरपीएफ थाने के सामने लगे दो कैमरे गायब हैं। प्लेटफार्म नंबर दो और तीन पर झांसी की ओर जाने वाले रास्ते पर लगा कैमरा भी गायब है। इस बारे में आरपीएफ प्रभारी देशराज सिंह का कहना है कि 12, 32, 37 व 38 नंबर सीसीटीवी कैमरे के बारे में करीब 15 दिन पहले रेलवे के टेलीकॉम विभाग को अवगत करा दिया गया था, लेकिन अब तक इस बारे में कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
सीनियर सेक्शन इंजीनियर टेलीकॉम वीके गुप्ता का कहना है कि कैमरे खराब होने के बारे में उन्हें फिलहाल कोई जानकारी नहीं है। वह दिखवाते हैं। समस्या जल्द दूर कराई जाएगी।
