– स्मार्ट सिटी के तहत दो करोड़ से शुरू हुई थी पब्लिक बाइस्किल शेयरिंग परियोजना
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। स्मार्ट सिटी योजना के तहत शुरू की गई पब्लिक बाइस्किल शेयरिंग परियोजना धड़ाम होती दिख रही है। एक महीने में ही कई ई-साइकिल की बैटरी में दिक्कत आने लगी है। ऐसे में स्टैंड पर खड़ीं ज्यादातर ई-साइकिल की बुकिंग नहीं हो रही है। कई बुक हो जा रही हैं, मगर उन्हें पैडल मारकर चलाना पड़ रहा है।
झांसी में अक्तूबर में स्मार्ट सिटी योजना के तहत जाम की समस्या से बचाने, यातायात को सामान्य रखने, लोगों को स्वास्थ्य को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से पब्लिक बाइस्किल शेयरिंग परियोजना शुरू की गई। इस परियोजना पर दो करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। मौजूदा समय में नगर निगम, अटल एकता पार्क, मेजर ध्यानचंद स्टेडियम, पानी वाली धर्मशाला समेत 15 जगहों पर ई-साइकिल के स्टैंड बने हुए हैं। किसी स्टैंड पर पांच तो कहीं पर आठ से दस ई-साइकिल खड़ी रहती हैं। ये योजना शुरू हुए एक महीना ही बीता है कि ई-साइकिल में समस्याएं सामने आने लगी हैं। अटल एकता पार्क में ई-साइकिल की बुकिंग कर रहे अमित श्रीवास्तव और आर्यन ने बताया कि तीन में से दो साइकिल में समस्या बता रहा है। यही स्थिति नगर निगम में खड़ी तीन ई-साइकिलों में भी देखने को मिली। लोगों ने बताया कि कुछ ई-साइकिल की बुकिंग हो जाने के बाद इनकी बैटरी काम नहीं करती हैं। ऐसे में पैडल मारकर चलाना पड़ता है।
ये भी जानें
………….
– ई-साइकिल के झांसी में 15 स्टैंड बने हैं।
– मौजूदा समय में 180 साइकिल संचालित हैं।
– चार्ज होने पर 30 से 35 किलोमीटर साइकिल चलती है।
– माई बाइक एप से बुकिंग होने पर 500 रुपये सिक्योरिटी जमा होती।
– प्रति घंटा 15 रुपये की दर से देनी पड़ती है फीस।
30 से 35 किलोमीटर चलने के बाद ई-साइकिल को चार्ज करना पड़ता है। ये प्रक्रिया रोजाना होती है। बैटरी समेत जो भी समस्याएं आती हैं, उन्हें दूर करवा दिया जाता है। – मो. कमर, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी, स्मार्ट सिटी।
