आक्रोशित लोगों ने लगाया जाम, स्कूटी से कोचिंग जाते समय रास्ते में हुई घटना
एसडीएम व सीओ महरौनी ने लोगों को आश्वासन देकर खुलवाया जाम
संवाद न्यूज एजेंसी
महरौनी(ललितपुर)। बुधवार को सुबह तेज गति से जा रही ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से स्कूटी से कोचिंग जा रही 12वीं छात्रा की मौत हो गई। छात्रा 10वीं में आईसीएसई बोर्ड की स्कूल में टॉपर थी। दुर्घटना के बाद भारी वाहनों के कसबे में प्रवेश न करने देने समेत अन्य मांगों को लेकर नाराज लोगों ने जाम लगा दिया। एसडीएम महरौनी व सीओ महरौनी ने मौके पर पहुंचकर लोगों को आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
महरौनी के टीकमगढ़ रोड शिवजी नगर निवासी अमर सिंह तोमर की पुत्री दिव्या सिंह (18) बुधवार की सुबह करीब 6 बजे अपनी स्कूटी से कस्बा में कोचिंग के लिए जा रही थी। अभी वह रास्ते में ही पहुंची थी कि पीछे से तेज रफ्तार से आ रही अनाज से लदी ट्रैक्टर ट्राली ने स्कूटी में टक्कर मार दी। इससे दिव्या स्कूटी सहित अनाज से लदी हुई ट्राली के पहिया के नीचे आ गई। उसकी मौके पर मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर भाग गया। छात्रा की मौत होने पर कस्बा के लोगों सहित परिजन मौके पर एकत्रित हो गए। कस्बा के अंदर से भारी वाहनों के तेज रफ्तार के साथ गुजरने और दुर्घटना कर देने से आक्रोशित लोगों ने मौके पर जाम लगा दिया और शव को उठाने से मना कर दिया। सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी महरौनी अभिमन्यु कुमार और क्षेत्राधिकारी महरौनी इमरान अहमद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्हाेंने आक्रोशित लोगों को कार्रवाई को आश्वासन दिया, तब जाकर जाम खुला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दिव्या ने वर्ष 2021-22 में आईसीएसई बोर्ड की कक्षा 10वीं की परीक्षा में 94.9 फीसदी अंक हासिल कर स्कूल टॉप किया था। वर्तमान में वह कस्बा के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में गणित विषय से कक्षा 12वीं की पढ़ाई कर रही थी।
माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल छात्रा दिव्या सिंह दो बहन व एक भाई में दूसरे नंबर की थी। वह पढ़ाई में काफी होनहार थी। दिव्या की मौत हो जाने के बाद उसके माता-पिता सहित भाई-बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। नाते-रिश्तेदार सहित मिलने-जुलने वाले लोग उन्हें सांत्वना दे रहे हैं।
कोचिंग जाते समय ट्रैक्टर ने छात्रा की स्कूटी को टक्कर मार दी थी जिससे छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई।ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई पुलिस द्वारा की जा रही है।
इमरान अहमद, क्षेत्राधिकारी महरौनी
