अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। शहर कोतवाली इलाके में बड़ागांव गेट बाहर स्थित रेडीमेड कपड़ों की दुकान में चोरी की एक अजीबो गरीब घटना सामने आई है। यहां से चोरों ने तकरीबन पचास हजार की कीमत के कपड़े चोरी कर लिए हैं। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने दुकान के बहीखाते में जो लिखा उसे पढ़कर पुलिस अफसर भी हैरान रह गए। बहीखाते में लिखा है….दस हजार का हिसाब बराबर हो गया है। अब यह हिसाब कौन सा है यह न तो दुकानदार बता पा रहा है और न ही पुलिस को इस संबंध में कोई जानकारी अभी तक हुई है।
बड़ागांव गेट बाहर निवासी राजेश कुमार गुप्ता की घर के पास में ही ओम गार्मेंट के नाम से रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। बृहस्पतिवार की रात वह दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। इसके बाद छत के रास्ते से दुकान में चोर दाखिल हो गए। शुक्रवार की सुबह जब राजेश ने दुकान खोली तो उन्हें अंदर कपड़े बिखरे पड़े मिले। इस दौरान लगभग पचास हजार रुपये कीमत के कपड़े गायब थे। इसके बाद जब उन्होंने बहीखाता खोला तो उसके पहले पेज पर लिखा हुआ था कि 10 हजार रुपये का हिसाब हो गया है बराबर। उन्होंने बहीखाते के बाकी पन्ने भी देखे लेकिन वहां कुछ नहीं लिखा था। इसके बारे में पुलिस ने दुकानदार से भी जानकारी ली मगर वह भी कुछ बता नहीं सके। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक शिवकुमार सिंह ने बताया कि मामले की पड़ताल की जा रही है। चोरों का कुछ सुराग लगा है। जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
