– कर्मचारियों के रुख से रेल कर्मचारी संगठन उत्साहित
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। पुरानी पेंशन बहाली के लिए प्रस्तावित हड़ताल को लेकर रेल यूनियनों की ओर से रेल कर्मचारियों से कराए गए गुप्त मतदान का परिणाम जारी कर दिया गया है। झांसी रेल मंडल के 20,460 कर्मचारियों ने हड़ताल के समर्थन में अपना वोट दिया है, जबकि विरोध में सिर्फ 254 कर्मचारियों ने ही वोटिंग की। कर्मचारियों के इस रुख से रेल यूनियनें उत्साहित हैं।
नई पेंशन स्कीम को निरस्त करने और पुरानी की बहाली के लिए रेल कर्मचारियों के मान्यता प्राप्त संगठन इंप्लाइज संघ व मेंस यूनियन की ओर से 21 व 22 नवंबर को स्ट्राइक बैलेट पर रेल कर्मियों से गुप्त मतदान कराया गया था। इस मतदान में झांसी रेल मंडल के 20,768 कर्मचारियों ने हिस्सा लिया था। अब इसका परिणाम जारी कर दिया गया है। 20,460 कर्मचारियों (98.5 प्रतिशत) ने हड़ताल के समर्थन में अपना वोट दिया है, जबकि विरोध में सिर्फ 254 वोट ही पड़े हैं। इससे कर्मचारी संगठन उत्साहित हैं। इसके बाद अब दिल्ली में कर्मचारी संगठनों की उच्चस्तरीय बैठक होगी, जिसमें हड़ताल की तिथि घोषित कर दी जाएगी।
