संवाद न्यूज एजेंसी, जालौन
Updated Fri, 24 Nov 2023 11:42 PM IST
उरई। सीएम योगी ने अयोध्या के आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के गर्म भोजन परोस कर हॉट कुक्ड मील योजना का शुभारंभ किया। जिसका लाइव प्रसारण सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा व अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में विकास भवन सभागार में किया गया। सदर विधायक ने कहा कि सरकार द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों के पोषण स्तर में सुधार लाने के लिए हॉटकुक्ड मील योजना प्रारंभ की गई है। इसके तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में तीन से छह साल तक की आयु के बच्चों को प्रतिदिन गर्म भोजन खिलाया जाएगा।
शहर में आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र शिवपुरी वार्ड नंबर 25 में हॉटकुक्ड मील योजना का शुभारंभ सदर विधायक, सीडीओ भीमजी उपाध्याय, परियोजना निदेशक डॉ. शिवाकांत द्विवेदी, बीएसए चंद्रप्रकाश, जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. अमरेंद्र कुमार पौत्स्यायन, सीडीपीओ शहर विमलेश आर्या ने अपने हाथों से केंद्र पर मौजूद तीस बच्चों को गर्म खाना परोस कर किया। जिला कार्यक्रम अधिकारी इफ्तेखार अहमद ने बताया कि जिले में हॉटकुक्ड मील योजना सभी 1815 आंगनबाड़ी केंद्रों पर संचालित की जाएगी। जिनमें तीन से छह साल के 71,111 बच्चे पंजीकृत है। जिसमें से 1264 आंगनबाड़ी केंद्र परिषदीय स्कूल परिसर एवं परिसर से 200 मीटर दूरी के अंदर को-लोकेटेड है। 551 आंगनबाड़ी केंद्रों नॉन को-लोकेटेड श्रेणी में है। को-लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों पर प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय की रसोई से गर्म भोजन आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों को खिलाया जाएगा तथा नॉन को-लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों पर आंगनबाड़ी सहायिका द्वारा स्वयं गर्म भोजन तैयार कर बच्चों को खिलाने का प्राविधान किया गया है। इस दौरान रमाकांत दोहरे, आदर्श, रानी देवी आदि मौजूद रहे।
