संवाद न्यूज एजेंसी, ललितपुर
Updated Fri, 24 Nov 2023 10:41 PM IST
– कोई तीन साल से तो काेई चार साल से विभाग के काट रहा चक्कर
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शहर में प्रधानमंत्री शहरी आवास के लिए अभी भी लोग भटक रहे हैं। ये लोग कच्चे मकानों में रहने को मजबूर हैं। जबकि कई अपात्रों ने योजना का लाभ लेकर अपने खाली प्लाॅटों पर मकान खड़े कर लिए हैं। शहर में अभी तक इस योजना के तहत करीब 22 हजार मकान बन चुके हैं। नगर के मोहल्ला सिद्दनपुरा निवासी कुसुम पत्नी भगवानदास ने जिलाधिकारी को पत्र दिया, जिसमें बताया कि चार वर्ष पूर्व उसने प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना में आवेदन किया था। लेकिन अभी तक उसका आवास स्वीकृत नहीं हुआ है। नगर के मोहल्ला जुगपुरा निवासी रंजना पत्नी हरपाल ने डीएम को पत्र देकर बताया कि उसका पक्का आवास नहीं है। वह झोपड़ी में निवास कर रही है, तीन साल पहले उसने आवास के लिए आवेदन किया था, जब से आज तक विभाग के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उसका आवास स्वीकृत नहीं हुआ है। नगर के मोहल्ला जुगपुरा निवासी गीता देवी पत्नी कल्यान ने बताया कि उसने तीन साल पहले आवेदन किया था, लेकिन उसका आवास स्वीकृत नहीं हुआ है, जबसे लगातार वह विभाग से संपर्क में बनी हुई है। वहीं शहर के मोहल्ला आजापुरा निवासी मोहन पुत्र भगवानदास ने बताया कि उसने चार साल पहले प्रधानमंत्री आवास के लिए आवेदन दिया था, लेकिन अभी तक उसका आवास स्वीकृत नहीं हुआ है। वह लगातार विभाग के चक्कर लगा रहा है।
