Spread the love


कोंच। बच्चों से भरी मैजिक के खंभे में टकरा जाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने अभिभावकों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की है। परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर भी लापरवाही का आरोप लगाया था, लेकिन पुलिस ने सिर्फ मैजिक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। वहीं एआरटीओ की तरफ से चालक के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी जा चुकी है। शुक्रवार को स्कूल प्रशासन और प्रबंधन ने घायल बच्चों के घरों पर जाकर उनका हालचाल जाना।

बुधवार को बिजली के पोल से टकराने के चलते घायल हुए स्कूली बच्चों के अभिभावकों की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मैजिक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उधर एआरटीओ की तरफ से भी चालक के खिलाफ एक तहरीर कोतवाली पुलिस को दी गई थी, लेकिन पुलिस ने अभी तक उसको तरफ ध्यान नहीं दिया है। वहीं स्थानीय प्रशासन ने जब बच्चों के घायल होने की जिम्मेदारी स्कूल प्रबंधन पर डाली तो सूरज ज्ञान मॉडर्न पब्लिक स्कूल के प्रबंधक अंकुर यादव व प्रधानाचार्य मनोहर सिंह अपनी टीम के साथ घायल बच्चों के गांव फुलेला पहुंचे और बच्चों के अभिभावकों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि उन सभी घायल बारह बच्चों को मेडीकल परीक्षण के किए शनिवार सुबह वे अपने साथ किसी बड़े अस्पताल ले जाएंगे। उधर झांसी रेफर हुए विक्की, सौम्या, सानू, शोहिल व चालक आशीष तथा ग्वालियर में भर्ती अथर्व का भी वहां इलाज जारी है, फिलहाल वह खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

स्कूल कागजात उपलब्ध नहीं करा रहा, चालक के स्वास्थ्य होने का है इंतजार

कोंच। एआरटीओ सुरेश कुमार वर्मा का कहना कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। गुरुवार को स्कूल जा कर जानकारी ली गई है। स्कूल प्रबंधन मैजिक गाड़ी से कोई अनुबंध नहीं बता रहा है और न ही गाड़ी से संबंधित कागजात उपलब्ध करा रहा है। चालक के स्वस्थ्य होने का इंतजार किया जा रहा है। उसके बयान के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बच्चों की मदद के लिए तैयार है विद्यालय-प्रबंधक

कोंच। सूरज ज्ञान मॉडर्न पब्लिक स्कूल के प्रबंधक अंकुर यादव का कहना है कि घटना के बाद विद्यालय लगातार घायल बच्चों के साथ खड़ा हैं और उनके अभिभावकों से भी संपर्क में है। गुरुवार को घायल बच्चों के गांव जा कर उनके अभिभावकों के साथ बैठ कर तय किया गया है कि शनिवार को सभी घायल बच्चों का बड़े हॉस्पिटल में मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। इलाज में जो भी पैसा खर्च हो रहा है, उसका पूरा खर्च भी स्कूल प्रबंधन उठाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *