कोंच। बीडीओ कोंच की ओर से शुक्रवार को कुछ सचिवों सहित अन्य कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस देने के मामले में सचिवों ने भी बीडीओ पर पलटवार किया है। बीडीओ के विरुद्ध ग्राम विकास सचिवों ने मोर्चा खोलते हुए मनरेगा उपायुक्त को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। सचिवों ने 29 नवंबर से ब्लॉक कार्यालय की बैठकों का बहिष्कार करने और धरने पर बैठने की चेतावनी दी है।
खंड विकास कार्यालय कोंच आए मनरेगा उपायुक्त को दिए अपने शिकायती पत्र में मोर्चा खोलते हुए सचिवों व ग्राम प्रधानों ने बीडीओ प्रतिभा शाल्य पर आरोप लगाया है। आरोप है कि ग्राम पंचायतों में कराए कार्यों को फर्जी बताकर मीडिया के माध्यम से सचिवों की छवि धूमिल की गई है। कहा कि बीडीओ प्रत्येक ग्राम पंचायत से अनुग्रह की मांग करतीं हैं। मांग पूरी न होने पर मानसिक उत्पीड़न किया जाता है। इस दौरान सचिव अनुज गुप्ता, वसीम खान, पवन तिवारी, पूनम राजपूत, शिल्पी राजपूत, सूरजभान, नरेंद्र पटेल के अलावा कुछ ग्राम प्रधान भी मौजूद रहे। बता दें कि शुक्रवार को बीडीओ ने सचिव वसीम खान, अनुज गुप्ता, शिल्पी राजपूत व संबंधित रोजगार सेवकों और तकनीकी सहायक पर बगैर कार्य कराए ही फोटो से फोटो खींचकर बेबसाइट पर अपलोड करने का आरोप लगाते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया था।
