कालपी/जोल्हूपुर। हमीरपुर मार्ग पर बालू लदे डंपर की तेज रफ्तार ने अधेड़ की जान ले ली।
बाइक से ईंट-भट्टा जा रहे मुनीम को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक डंपर छोड़कर मौके से भाग गया।
हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने सुबह से ही जाम लगा दिया। सड़कों के किनारे लगीं झाड़ियां लगाकर सड़क पर बैठ गए। पुलिस ने समझाया तो धक्कामुक्की शुरू हो गई। स्थिति को काबू करने के लिए तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची, प्रशासन और पुलिस के बड़े अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। काफी समझाने और कार्रवाई की बात कहकर दोपहर बाद जाम खुलवाया जा सका।
कदौरा थाना क्षेत्र के मबई अहीर गांव निवासी देवी प्रसाद (55) कानपुर देहात के भोगनीपुर स्थित टाटा ईंट भट्टे में मुनीम थे। रविवार सुबह करीब 7.30 बजे बाइक से भोगनीपुर जा रहा थे। बरही बंबा के पास बालू से भरे ट्रक की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर परिजन व ग्रामीण पहुंच गए, शव देख उनका पारा चढ़ गया। उन्होंने स्टेट हाईवे जाम कर दिया।
एसडीएम कालपी हेमंत पटेल, सीओ डॉ. देवेंद्र पचौरी, तहसीलदार शेर बहादुर सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाया। डीएम और एसपी को मौके पर बुलाने पर अड़े ग्रामीणों ने एक न सुनी। सीओ ने स्थिति को देखते हुए कालपी के अलावा आटा और कदौरा थाने की पुलिस को भी मौके पर बुलाया।
झाड़ियां पुलिस ने हटाईं तो गुस्साए लोगों ने फिर उसे वहीं रख दिया। इस दौरान धक्कामुक्की भी हुई। चार घंटे से भी ज्यादा वक्त बीतने के बाद किसी तरह एसडीएम और सीओ के समझाने पर ग्रामीण माने। दोपहर 12 बजे के बाद जाम खोला जा सका।
मृतक ने हेलमेट नहीं लगाया था। पुलिस ने चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की, ट्रक को कब्जे में ले लिया। परिजनों ने बताया कि उसको एक पुत्र है। मुनीम ही घर में कमाने वाला था। उसकी मौत से पत्नी सियारानी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
