संवाद न्यूज एजेंसी, चित्रकूट
Updated Thu, 07 Dec 2023 12:48 AM IST
चित्रकूट/मानिकपुर। बाइक से घर जा रहे डीफार्म के छात्र और उसके रिश्तेदार पर पेड़ की डाल टूटकर गिर गई। जिसके चलते दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। छात्र को चिकित्सकों ने प्रयागराज रेफर कर दिया। जहां रास्ते में उसकी मौत हो गई। जबकि रिश्तेदार की हालत गंभीर है। दोनों रिश्ते में जीजा-साले थे।
मानिकपुर थाना क्षेत्र के सरहट रुलर मानिकपुर निवासी रविशंकर प्रजापति (25) मंगलवार की सुबह घरेलू काम से मुख्यालय आया था। शाम को वह नांदी तौरा निवासी साले अवनीश (22) के साथ बाइक से अपने घर जा रहे थे। जैसे ही वह ऐंचवारा गांव के आर्यावर्त बैंक के पास पहुंचे तो अचानक यूकेलिप्टस के पेड़ की डाल टूटकर उनके ऊपर गिर गई और दोनों गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
आनन-फानन राहगीरों की मदद से दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों रविशंकर को प्रयागराज रेफर कर दिया। जहां रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। यह सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया। बाइक चालक अवनीश ने हेलमेट पहना था। इससे उसके सिर पर कम चोट आई।
मृतक के बड़े भाई माता प्रसाद ने बताया कि वह पांच भाइयों में चौथे नंबर का था। वह प्रयागराज में डी-फार्मा का तृतीय वर्ष का छात्र था। मां हीरामनी का रो-रोकर हाल बेहाल है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया।
