तीन साल पहले छात्रा के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म की जघन्य वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। तीन साल पहले पॉलिटेक्निक कॉलेज में हुए सामूहिक दुष्कर्म कांड के तीन अभियुक्तों को उच्च न्यायालय से जमानत मिल गई है, जबकि घटना के पांच अभियुक्त अभी जेल में हैं। सभी को घटना के दो साल बाद स्थानीय अदालत ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी।
राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के छात्रावास में 11 अक्तूबर 2020 को छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। इस मामले में पुलिस ने कॉलेज के ही आठ छात्रों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके बाद तीन अक्तूबर 2022 को अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (पॉक्सो अधिनियम समेत बलात्कार) की अदालत ने मामले की पूरी सुनवाई के बाद सभी आठों अभियुक्तों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। विशेष लोक अभियोजक विजय सिंह कुशवाहा ने बताया कि सभी अभियुक्तों की ओर से हाईकोर्ट में अपील की गई थी। साथ ही जमानत अर्जी भी दाखिल की थी। इनमें से तीन को जमानत मिल गई है। न्यायालय ने एक की जमानत अर्जी खारिज कर दी है। जबकि, चार की जमानत अर्जी पर अभी सुनवाई लंबित है।
