अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। झांसी रेल मंडल में निर्माण कार्यों के चलते तीन दिन झांसी-लखनऊ इंटरसिटी का संचालन नहीं होगा। इसके अलावा कुछ अन्य ट्रेनें भी निरस्त रहेंगी। इससे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ेगी। इन गाड़ियों में पहले से रिजर्वेशन कराकर यात्रा की तैयारी कर रहे लगभग पांच हजार लोगों ने अपने टिकट निरस्त कराए हैं। अब वे दूसरी ट्रेनों में जगह की तलाश में जुटे हुए हैं।
झांसी रेलवे स्टेशन के यार्ड में रिमॉडलिंग के चलते 15 से 17 दिसंबर तक 11109 /11110 वीरांगना लक्ष्मीबाई-लखनऊ इंटरसिटी का संचालन नहीं होगा। इसके अलावा 15 दिसंबर को 02575 हैदराबाद-गोरखपुर, 16 को 12593 लखनऊ-भोपाल एक्सप्रेस नहीं चलेगी। जबकि, 17 दिसंबर को 12594 भोपाल-लखनऊ एक्सप्रेस व 02576 गोरखपुर-हैदराबाद एक्सप्रेस निरस्त रहेंगी। इन गाड़ियों के निरस्त होने की वजह से लगभग आठ हजार यात्रियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ेगा। इनमें से पांच हजार से अधिक यात्री अब तक अपने टिकट रद्द करा चुके हैं। अब वे दूसरी गाड़ियों में जगह की तलाश में जुटे हुए हैं।
रेलवे के मंडलीय जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि विकास कार्यों के चलते ट्रेनों को निरस्त किया गया है। आने वाले दिनों में विकास कार्यों का लाभ यात्रियों को ही मिलेगा।
