अब तक 78 महाविद्यालयों में ही होती थी पढ़ाई, एक साल में संख्या सौ के पार पहुंची
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड के छात्र-छात्राओं का रुझान उच्च शिक्षा की ओर बढ़ता देखकर साल भर के अंदर ही 25 कॉलेजों ने परास्नातक की पढ़ाई शुरू करा दी है। इसके लिए बीयू ने संबद्धता दे दी है। ऐसे में अब तक जहां 78 महाविद्यालय एमए, एमएससी और एमकॉम की पढ़ाई कराते थे। मौजूदा समय में उनकी संख्या बढ़कर सौ के पार पहुंच गई है।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से करीब साढ़े तीन सौ कॉलेज संबद्ध हैं। मगर इन कॉलेजों में से ज्यादातर में स्नातक कोर्स बीए, बीएससी, बीकॉम की ही पढ़ाई होती है। पिछले चार सालों के आंकड़ों को देखें तो बुंदेलखंड के कॉलेजों में स्नातक में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। हाल ये है कि सत्र 2019-20 की तुलना में सत्र 2022-23 में प्रवेश लेने वालों की संख्या करीब दोगुनी हो गई है। मौजूदा समय में लगभग 70 हजार विद्यार्थी स्नातक पास कर रहे हैं। पिछले साल तक बुंदेलखंड में सिर्फ 78 कॉलेज परास्नातक की पढ़ाई कराते थे। मगर स्नातक पासआउट की लगातार बढ़ती संख्या के मद्देनजर एक साल में ही 25 नए कॉलेजों ने पीजी की पढ़ाई शुरू कराने के लिए बीयू से संबद्धता ले ली है।
यूं बढ़ रही स्नातक पास छात्रों की संख्या
…………………………………………..
शैक्षणिक सत्र स्नातक में प्रवेश
2019-20 36788
2020-21 48097
2021-22 56246
2022-23 73193
बुंदेलखंड में छात्र-छात्राएं लगातार उच्च शिक्षित हो रहे हैं। स्नातक पासआउट की बढ़ती संख्या के चलते साल भर में 25 कॉलेजों ने परास्नातक की पढ़ाई शुरू कराने के लिए संबद्धता ले ली है। – विनय कुमार सिंह, कुलसचिव, बीयू।
