Spread the love


थाना बार के एक गांव में हुई घटना

संवाद न्यूज एजेंसी

ललितपुर। कक्षा तीन में पढ़ने वाली आठ वर्षीय छात्रा के साथ पड़ोस में रहने वाले युवक ने दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

थाना बार के एक ग्राम निवासी एक व्यक्ति की आठ वर्षीय पुत्री शुक्रवार को घर के बाहर साइकिल चलाना सीख रही थी। वह कक्षा तीन की छात्रा है। इसी दौरान रिश्ते में चाचा लगने वाले युवक ने छात्रा को सौ का नोट देकर गुटखा लाने के लिए कहा। गुटखा लाकर छात्रा घर के अंदर पहुंची तो आरोपी ने उससे दुष्कर्म किया। घटना के बाद छात्रा रोते हुए घर पहुंची और मां को पूरी बात बताई। देर शाम पिता काम से घर आया तो उसे घटना के बारे में बताया गया। शिकायत थाना बार पुलिस से की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पीड़ित छात्रा का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक व अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर मौका मुआयना कर पुलिस को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

एक घंटे में आरोपी को किया गिरफ्तार, भेजा जेल

पुलिस ने आरोपी को मुकदमा दर्ज होने के एक घंटे में ही गिरफ्तार कर लिया और शनिवार को आवश्यक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। पुलिस मामले की गहनता से जांच करने में जुट गई है। आठ वर्षीय छात्रा के साथ रिश्ते में लगने वाले चाचा द्वारा दुष्कर्म करने की घटना कस्बा बार क्षेत्र में शनिवार को दिन भर चर्चा का विषय बनी रही।

स्वास्थ्य लाभ ले रही मां की कर रही थी देखभाल

छात्रा की मां का हाल ही में ऑपरेशन हुआ था जिस कारण से वह घर में ही बिस्तर पर स्वास्थ्य लाभ ले रही थी। रिश्ते में लगने वाले चाचा ने बहाने से घर बुलाकर दुष्कर्म किया तो रोते हुए छात्रा मां के पास आई और पूरी बात बताई। लेकिन ऑपरेशन होने के कारण वह कुछ नहीं कर सकी और पति के काम से वापस आने का इंतजार करने लगी। देर शाम जब पति घर आया तो छात्रा की मां ने रोते हुए पुत्री के साथ हुई घटना के बारे में बताया था।

मामा के यहां कर रहा था निवास

गांव के लोगों ने बताया कि आठ वर्षीय बालिका से दुष्कर्म करने वाला आरोपी पास के ही एक गांव का है। पिछले कई वर्षों से वह यहां अपने मामा के यहां निवास कर रहा था। इसके साथ वह शराब भी पीता था।

आठ वर्षीय छात्रा के साथ रिश्ते में लगने वाले चाचा द्वारा दुष्कर्म करने पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इस मुकदमे को ऑपरेशन कन्विक्शन में शामिल कर लिया है। विवेचक को जल्द से जल्द विवेचना पूरी कर न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल करने के निर्देश दे दिए हैं। आरोपी को न्यायालय से अधिक से अधिक सजा दिलाने के लिए उक्त मुकदमे की प्रभावी तरीके से पैरवी कराई जाएगी।-मोहम्मद मुश्ताक, पुलिस अधीक्षक



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *