भरतपुर। बयाना-हिंडौन राजमार्ग पर डुमरिया रेलवे फाटक के पास सोमवार सुबह थ्री- व्हीलर लोडिंग टेंपो पलटने से मजदूर की मौत हो गई। मृतक सुआलाल उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले का रहने वाला था। वह करौली जिले के श्रीमहावीरजी में प्लास्टिक फैक्ट्री में काम करता था।
ड्यूटी ऑफिसर एएसआई निर्भय सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के गांव नसोली डामर निवासी सुआलाल (53) पुत्र गोविंद श्रीमहावीरजी के गांव कैमला स्थित एक प्लास्टिक फैक्ट्री में मजदूरी करता था।
सोमवार सुबह सुआलाल भतीजे और दो भाइयों के साथ लोडिंग टेंपो से कैमला से गांव जाने के लिए मथुरा जा रहा था। रास्ते में सुबह करीब 9.30 बजे बयाना के डुमरिया रेलवे फाटक के पास अंडरपास से निकलते समय अचानक टेंपो बेकाबू होकर पलट गया।
हादसे में सुआलाल टेंपो के नीचे दब गया। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का बयाना सीएचसी में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजन को सौंप दिया है। लोडिंग टेंपो को जब्त किया गया है। मृतक के भतीजे प्रेमचंद की ओर से मामला दर्ज कराया है। (संवाद)
