संवाद न्यूज एजेंसी, चित्रकूट
Updated Fri, 15 Dec 2023 12:45 AM IST
चित्रकूट। शहर के पुरानी बाजार निवासी शंभू की मारपीट के दौरान मौत मामले में हत्यारोपी एक की तलाश पुलिस कर रही है। एक अन्य आरोपी को गुरुवार को पुलिस शहर के स्टेशन रोड के पास से पकड़ कर जेल भेज दिया है। अब इस मामले में आरोपी शहर काजी समेत चार को पुलिस जेल भेज चुकी है। अन्य एक की तलाश में पुलिस ने गुरुवार को कई स्थानों पर छापेमारी की।
शहर के द्वारिका पुरी मोहल्ले में नौ दिसंबर को बच्चों के विवाद में दो परिवार के बड़ों के बीच जमकर मारपीट हुई थी। इसमें घायल एक पक्ष के शंभू की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने गैर इरादतन हत्या व साजिश करने की धारा के तहत खुल्लू व उसके तीन पुत्रों नर्वद, लल्लू व दादा समेत शहर काजी सरफराज को नामजद किया है।
कोतवाल अजीत पांडेय ने बताया कि आरोपियों में शहर काजी, खुल्लू व नर्वद को जेल भेजा जा चुका है। गुरुवार को लल्लू उर्फ लालू को पकड़ लिया गया है अब दादा की तलाश की जा रही है। कुछ सुराग मिले हैं जल्द उसे भी पकड़ कर जेल भेजेंगे।
