बीएसए ने बचे हुए काम को शत प्रतिशत करने के दिए निर्देश, 19 पैरामीटर पर परिषदीय विद्यालयों में कराए जा रहे काम
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। परिषदीय विद्यालयों में कराए जा रहे आपरेशन कायाकल्प के काम को जल्द ही शत प्रतिशत कराया जाएगा। इसके लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी को निर्देश जारी कर दिए है। अभी तक जिले में कायाकल्प का काम 93.51 फीसदी तक किया जा चुका है।
जिले में 1354 परिषदीय व कंपोजिट विद्यालय है। जिसमें 866 प्राथमिक, 320 जूनियर हाईस्कूल और 171 कंपोजिट विद्यालय शामिल है। इनमें 1.68 लाख छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। परिषदीय विद्यालयों को निजी विद्यालयों के समकक्ष खड़ा करने के लिए शासन ने आपरेशन कायाकल्प योजना शुरू की गई है। जिसमें 19 पैरामीटर शुद्ध सुरक्षित पेयजल, विद्यालय में नल-जल की आपूर्ति, बालक इज्जत घर, बालिका इज्जत घर, बालक यूरिनल, बालिका यूरिनल, यूरिनल में जलापूर्ति, इज्जतघर का टाइलीकरण, दिव्यांग सुलभ शौचालय, मल्टीपल हैंड वाशिंग यूनिट, आधुनिक रसोईघर, कक्षा की फर्श पर टाइलीकरण, श्यामपट विद्यालय की रंगाई-पुताई, दिव्यांग सुलभ रैंप व रेलिंग, कक्षा कक्ष में वायरिंग व विद्युत उपकरण, विद्यालय का विद्युत संयोजन, बच्चों के लिए डेस्क व बेंच, विद्यालय की चाहरदीवारी को लेकर काम शुरू कराया गया। जोकि अब अंतिम चरणों में पहुंच गया है। वर्तमान में कायाकल्प का काम जिले में 93.51 फीसदी तक हो चुका है। शेष बचे काम को तेजी से कराए जाने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सबंधित शिक्षकों को दिए। जिसके क्रम में विद्यालयों में कायाकल्प के काम तेजी के साथ कराए जाने शुरू हो गए हैं।
ऑपरेशन कायाकल्प के काम विद्यालयों में 93.51 फीसदी तक हो चुके है। शेष बचे काम को जल्द से जल्द पूर्ण कराने के निर्देश सबंधित को दे दिए है। जल्द ही सभी विद्यालयों में शत प्रतिशत काम करा लिया जाएगा।-हरिकेश यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी
