चित्रकूट। रैपुरा थाना क्षेत्र के बघौड़ा गांव में सब्जी के खेत में मवेशी घुसने पर एक परिवार के दो पक्षों के बीच लाठी और डंडे चले। मारपीट में एक पक्ष से तीन और दूसरे पक्ष से दो लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
बहिलपुरवा थाना क्षेत्र के सेमरिया चरणदासी निवासी बद्री प्रसाद यादव बघौड़ा गांव स्थित यादव का डेरा स्थित खेत में सब्जी बोई है। रविवार की सुबह उसके खेत में छोटे भाई अशोक यादव की कुछ मवेशी घुस गए। सब्जी का नुकसान होते देख बद्री प्रसाद ने विरोध कर मवेशियों को डंडे से मारकर खदेड़ दिया। इस पर दोनों के बीच कहासुनी के बाद गाली गलौज शुरू हो गई। इसी बीच दोनों के अन्य परिजन पहुंचे और दोनों पक्षों की ओर से लाठी-डंडे चलने लगे।
इसके चलते एक पक्ष के अशोक (45) उसकी पत्नी वेदा (40) व पुत्र रज्जू (19) व दूसरे पक्ष से सुरतिया (55) व उसका पुत्र बाबूलाल (25) घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत में सुधार है। थानाध्यक्ष गुलाब चंद्र सोनकर ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर देेंगे तो कार्रवाई की जाएगी।
