Spread the love


बांदा। दूध बेचकर बाइक से गांव जा रहे दूधिए को कार ने सामने से टक्कर मार दी। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर बबूल के पेड़ से टकरा गई। मौके पर ही दूधिए की मौत हो गई। कार सवार चार लोग मौके से भाग निकले। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कार को पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है।

देहात कोतवाली क्षेत्र के ददरिया गांव निवासी रामआसरे (50) दूध बेचने का व्यवसाय करता था। रविवार को दोपहर वह बांदा शहर में दूध बेच कर अपनी बाइक से वापस गांव जा रहा था। देहात कोतवाली क्षेत्र के गुरेह गांव के पास सामने से आ रही कार ने उसे टक्कर मार दी, जिससे दूधिया की मौके पर ही मौत हो गई। उसके सिर और पैर में गंभीर चोट आईं थीं। कार अनियंत्रित होकर वहां लगे बबूल के पेड़ से टकरा गई।

ग्रामीणों ने बताया कि कार सवार चार लोग कार छोड़कर मौके से भाग निकले। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को जिला अस्पताल मोर्चरी भिजवाया। भाई राकेश ने बताया कि वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। दो पुत्र और दो पुत्री हैं। बड़ी बेटी नीलम की शादी करनी थी। उसके लिए वर की तलाश की जा रही थी।

देहात कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि मृतक बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था। मौके से कार को कब्जे में ले लिया गया है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *