जिला अस्पताल का हाल : ओपीडी के समय गायब मिल रहे डॉक्टर, कभी राउंड पर, कभी बोर्ड लगाकर चले जाते हैं
चिकित्सक उदासीन, स्वास्थ्य सेवाएं बहदाल
फोटो- 11, 12
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जिला अस्पताल में चिकित्सकों को ओपीडी निर्धारित की गई हैं, जहां पर आने वाले मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराई जा सके। लेकिन अधिकांश चिकित्सकों को ओपीडी भा नहीं रही है। ओपीडी के समय में वह गायब मिल रहे। सोमवार को जिला अस्पताल में पांच चिकित्सकों की ओपीडी सूनी नजर आई, दो पर ताला लटका मिला। केवल आठ चिकित्सक ओपीडी में मरीजों को सेवाएं देते नजर आए। यह हाल अस्पताल प्रबंधन के सामने होने के बाद भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जबकि दोपहर डेढ़ बजे तक 840 मरीज पहुंचे थे। हालत ये है कि बेचारे मरीज डॉक्टरों को ढूंढते फिरते हैं।
सोमवार को दोपहर 12:30 बजे जिला अस्पताल में पंजीकरण के लिए लंबी कतार लगी थी। यहां पर पर्चा बनवा रहे लोगों ने बताया कि एक घंटे की मशक्कत के बाद पर्चा बन सका है। वहीं, ओपीडी में कई चिकित्सक गायब मिले। इसके बाद 12:40 बजे डॉ. रोहित सुड़ेले व बाल रोग विशेषज्ञ डाॅ. डीबी सिंह की ओपीडी खुली तो थी, लेकिन चिकित्सकों के बिना सूनी दिखी। नेत्र चिकित्सक की ओपीडी बंद थी, गेट पर लगे बोर्ड न्यायालय में साक्ष्य को जाना लिखा था।
इसी प्रकार वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. पवनसूद की ओपीडी दोपहर 12:50 बजे बंद थी, जिसके गेट पर लगी सूची में अंकित था, कि चिकित्सक राउंड पर हैं। एनसीडी में दिखाएं। एनसीडी में तैनात डाॅ. आरपी सिंह की ओपीडी सूनी थी। वहीं दांत रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में दो चिकित्सकों में एक ही डॉ. सुरेश सोनी बैठे नजर आए, जबकि डॉ. मनीष माथुर गायब मिले।
वहीं एनसीडी सेल में तैनात डॉ. राजीव गुप्ता की ओपीडी भी सूनी रही। यहां पर बैठे मरीजों ने बताया कि अधिक देर से बैठे हैं। अब चिकित्सक के आने की उम्मीद नहीं है। ऐसे में अन्य स्थान पर इलाज को जाना पड़ेगा। दोपहर में 1:03 बजे पैथोलॉजी में जांच को महज 103 मरीज ही पहुंचे थे। कारण चिकित्सकों के ओपीडी में न बैठना रहा।
बोर्ड लगा जाते हैं चिकित्सक
जिला अस्पताल में चिकित्सकाें की ओपीडी से अन्य स्थान पर सेवाएं होेने पर मरीजों की सुविधा के लिए बोर्ड लटका दिए जाते हैं, जिससे मरीजों को जानकारी हो सके। साथ ही समस्या होने पर संबंधित स्थान या अन्य चिकित्सक को दिखा सकें, लेकिन चिकित्सक समय के अभाव में कहीं का भी बोर्ड लगा जाते हैं। जैसे इमरजेंसी में सेवाएं दे रहे हैं, तो बोर्ड न्यायालय में साक्ष्य में जाने का लगा दिया गया।
फोटो- 13
कैप्सन- रामबाबू
सुबह 11 बजे से नेत्र चिकित्सक के इंतजार में बैठे रहे। दोपहर का एक बज गया था। इसलिए घर लौटना पड़ा।
– रामबाबू
फोटो- 14
कैप्सन- विपिन
चिकित्सक की ओपीडी में लिखा है कि एनसीडी सेल में दिखाएं, वहां पर चिकित्सक न होने से इलाज को भटक रहे हैं।
– विपिन
फोटो- 15
कैप्सन- अवधेश तिवारी
जिला अस्पताल में विशेषज्ञ हैं, लेकिन समय से स्वस्थ्य सेवाएं न मिलने से मरीजों को समस्या हो रही है।
– अवधेश तिवारी
जिला अस्पताल में चिकित्सक ओपीडी में थे, कुछ नेत्र सर्जन ओटी में थे, कुछ अवकाश पर थे। एक चिकित्सक इमरजेंसी में सेवाएं दे रहे थे। दोपहर में जांच की जाएगी। नियमित रूप से ओपीडी में मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराईं जाएंगी।
– डॉ. राजेंद्र प्रसाद, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला अस्पताल पुरुष
