– परिजन बोले – कुएं में फिसलकर गिरने से हुई मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। खेत में पानी देने गए ग्रामीण का शव कुएं में पड़ा मिला। परिजनों के मुताबिक ग्रामीण की मौत कुएं में फिसलकर गिरने के कारण हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना जखौरा अंतर्गत ग्राम लखनपुरा निवासी प्रकाश (50) रविवार की रात को खेत पर गेहूं की फसल में पानी देने गए थे। सोमवार को जब प्रकाश घर नहीं आए तो बड़ा पुत्र लखन खेत पर पहुंच गया। यहां खेत पर प्रकाश नहीं मिले। खोजबीन की तो पास में स्थित कुएं में उसके पिता प्रकाश की चप्पल व लाठी उतराती मिली। इसकी जानकारी लखन ने गांव के अन्य लोगों को दी। गांव के लोग मौके पर पहुंचे और कुएं के अंदर पानी में कूदे। कुछ देर के प्रयास में कुएं के अंदर पानी में से प्रकाश का शव निकाल लिया गया। इसके बाद कुएं में चारपाई को रस्सी के सहारे भेजा गया और उस पर शव को रखकर बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पास तीन एकड़ जमीन है और वह दो भाई-एक बहन में दूसरे नंबर के थे। उनके दो पुत्र व दो पुत्रियां हैं।
