
Lalitpur Double Murder
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
ललितपुर शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चांदमारी में रविवार देर रात करीब दो बजे प्रेमिका से बात कर रहे युवक ने विरोध किए जाने पर पत्नी और एक साल की बेटी की निर्ममतापूर्वक हत्या कर दी। इसके बाद घटना को लूटपाट और हत्या का रूप देने के लिए उसने अपना सिर दीवार में मारकर खुद को घायल कर लिया।
सामान भी बिखेर दिया। लेकिन पुलिस जांच में वह फंस गया। सख्ती से पूछताछ करने पर युवक ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, मोहल्ला चांदमारी निवासी नीरज कुशवाहा (27) शादियों में सजावट का काम करता है। उसका एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा है।
इसी बात को लेकर पत्नी मनीषा (22) से अक्सर उसका विवाद होता था। रविवार देर रात वह मोबाइल पर प्रेमिका से बात कर रहा था। तभी मनीषा की नींद खुल गई। पति को प्रेमिका से बात करते देख उसने विरोध किया। इस पर दोनों में झगड़ा होने लगा। देखते ही देखते बात बढ़ गई।
गुस्साए नीरज ने कमरे में रखे क्रिकेट बैट से मनीषा पर ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसी दौरान उसकी एक साल की बेटी निपेक्षा जाग गई। नीरज ने उसको भी गला दबाकर मार डाला। पत्नी व बेटी की हत्या के बाद नीरज ने खुद को बचाने के लिए षड्यंत्र रचा। अलमारी में रखे सामान को फैलाकर खून से सने बैट को छिपा दिया।
