संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। पुलिस भर्ती प्रवेश परीक्षा के लिए यहां 14 केंद्र बनाए गए हैं। इसमें 7392 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त कराने में प्रशासन जुटा है।
आरक्षी नागरिक पुलिस की परीक्षा 17 व 18 फरवरी को दो पालियों में होगी। सुबह की पाली में 10 से 12 बजे और शाम को तीन से पांच बजे तक यहां 14 केंद्रों पर परीक्षा होनी है। जीआईसी ललितपुर में 490, जीजीआईसी ललितपुर में 384, वर्णी जैन इंटर कॉलेज ललितपुर में 456, श्री दिगंबर जैन सुधासागर कॉलेज तालाबपुरा में 480, दीवान रघुनाथ सिंह इंटर कॉलेज अजीतापुरा में 480, संत डॉमनिक सेवियो कॉनवेंट इंटर कॉलेज सिविल लाइन में 480, शांतिनाथ बाल संस्कार केंद्र सीरोंनजी तालबेहट में 480, ठाकुर रघुवीर सिंह इंटर कॉलेज सौजना में 384, किसान इंटर कॉलेज बिरधा में 480, भगवान आदिनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन महर्रा में 504, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज महरौनी में 1032, नरसिंह विद्या मंदिर पिसनारी में 480, बुंदेलखंड इंटर कॉलेज जाखलौन में 792, मर्दन सिंह इंटर कॉलेज तालबेहट में 480 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा नकलविहीन कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी जाएगी। जिला प्रशासन से लेकर पुलिस के आलाधिकारी लगातार भ्रमण कर जायजा लेते रहेंगे।
सक्रिय रहेगी पुलिस
परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था का एक घेरा बनाया जाएगा और चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स तैनात रहेगी। कोई साल्वर न पहुंच सके, इसके लिए स्थानीय खुफिया विभाग सक्रिय रहेगी। सर्विलांस टीम सहित अन्य पुलिस की इकाइयां भी एक्टिव मोड में रहेंगी।
परीक्षा केंद्रों के बाहर भारी पुलिस फोर्स तैनात किया जाएगा। परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मोहम्मद मुश्ताक, पुलिस अधीक्षक
पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में 14 केंद्र बनाए जाएंगे। प्रवेश परीक्षा में 7392 परीक्षार्थी शामिल होंगे। सभी प्रकार की व्यवस्थाएं चाक चौबंद की जा रही हैं।
ओमप्रकाश सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक
