मानिकपुर (चित्रकूट)। बहिलपुरवा थाना क्षेत्र के कर्का पड़रिया गांव में शराब के नशे में धुत युवक घर के अंदर पंखे में फंदे से झूल गया जानकारी होते ही आनन-फानन में परिजनों ने युवक को फंदे से नीचे उतारा, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।
कर्का पड़रिया गांव के चुनकावन पुरवा की सुनीता ने बताया कि उसके पति इंद्र कुमार (35) को मंगलवार की शाम गांव के ही नंदी कोल के पुत्र रमेश की बरात में बरौंधा कालिंजर जाना था। वह बार-बार शराब के लिए रुपये मांग रहा था। रुपये देने के बाद वह शराब पीकर बरात न जाकर घर आकर कमरा बंद कर लिया। बिजली के तार का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। घटना के दौरान सुनीता और घर के अन्य सदस्य बरात देखने के लिए बाहर खड़े थे। वापस लौटे तो देखा कि इंद्र कुमार फंदे से झूल रहा था। आनन-फानन परिजनों ने फंदे से उतारा, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।
परिजनों ने पुलिस सूचना दी। मौके पर पहुंचे बहिलापुरवा थाना प्रभारी गुलाब सोनकर ने बताया कि घटना के कारणों की जानकारी नहीं हो सकी है। परिजनों के अनुसार वह शराब ज्यादा पीता था। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेजा। पिता ज्वाला प्रसाद कोल ने बताया कि आए दिन शराब पीकर नशे में धुत रहता था और पत्नी से विवाद भी करता था। उसके दो पुत्र व एक पुत्री है।
