बांदा। अवैध वाहन स्टैंड व डग्गामार वाहनों के खिलाफ गुरुवार को एआरटीओ प्रशासन और नरैनी पुलिस ने अलग-अलग टीम के साथ कार्रवाई की। एआरटीओ ने 18 ओवर लोड ट्रक समेत करीब 35 वाहनों का और नरैनी पुलिस ने एक प्राइवेट बस समेत 18 अन्य वाहनों का चालान किया। वाहन चालकों से करीब 20 लाख जुर्माना वसूला गया है।
एआरटीओ प्रशासन शंकरजी ने गुरुवार को शहर के आसपास के क्षेत्र में डग्गामार और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि ओवरलोड 18 ट्रकों का चालान कर 10 लाख का जुर्माना वसूला गया है। इसके अलावा चार कैंपर, तीन बोलेरो, चार मैजिक और सात टेंपो का चालान किया है। छोटे वाहनों से जुर्माना राशि तीस से 35 हजार तक जमा कराई गई है। उन्होंने कहा कि आगे भी अभियान चलता रहेगा।
उधर, नरैनी में सीओ नितिन कुमार, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अरविंद सिंह गौर ने अभियान चलाकर कालिंजर, करतल, बांदा, अतर्रा मुख्य चौराहे पर एक प्राइवेट बस व 18 डग्गामार टेंपो का चालान किया। आरटीओ को सूचन देकर बस सीज करने की कार्रवाई की जा रही है। इन वाहन चालकों से 30 से 35 हजार रुपये तक जुर्माना वसूला जाएगा। इनसेेट दूसरी तरफ फर्राटा भरते रहे डग्गामार एक तरफ कार्रवाई चलती रही वहीं दूसरी तरफ बदौसा कस्बे के अवैध स्टैंड से अतर्रा मार्ग, फतेहगंज तिराहे डग्गामार वाहन फर्राटा भरते रहे। इसी तरह खपटिहा से पपरेंदा और बांदा मार्ग, साड़ी अलोना मार्ग पर भी वाहन फर्राटा भरते नजर आए। एआरटीओ शंकर जी ने बताया कि अभियान लगातार जारी रहेगा।
