तिंदवारी। शादी कराने का झांसा देकर युवक से डेढ़ लाख रुपये ऐंठ लिए और दुल्हन भी फरार हो गई। पीड़ित पक्ष ने थाने में तहरीर दी है।
थाना क्षेत्र के दतरौली गांव में बाल कृष्ण ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी कमासिन थाना क्षेत्र के खमरखा गांव निवासी दो व्यक्ति करा रहे थे। उन्होंने उससे शादी कराने के नाम पर डेढ़ लाख रुपये ले लिए और उन्हें कम बरातियों के साथ बरात लाने के लिए कहा। जब वह अपने परिजनों के साथ 17 मई को बरात लेकर मिर्जापुर जिले के अमहा गांव पहुंचे तो मंदिर में शादी कराई गई।
जैसे ही वह परिजनों के साथ दुल्हन को विदा करवाकर चले तो कुछ दूरी पर अज्ञात असलहाधारी लोगों ने उनके चार पहिया वाहन को रोक लिया। वाहन रुकते ही दुल्हन और उसकी भाभी वाहन से उतरकर असलहाधारियों के साथ चली गईं। अब मध्यस्थता कर रहे व्यक्ति के मोबाइल नंबर भी बंद जा रहे हैं। युवक ने थाने में तहरीर दी है। एसआई रमाशंकर सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
