चित्रकूट । मंदाकिनी नदी सफाई अभियान के तहत बुंदेली सेना ने पांच दिनों में पन्नालाल घाट को गंदगी से मुक्त कर दिया है। साथ ही ऐलान किया है कि दिव्यांग रैंप के पास सीधे नदी में गिर रहा नाला न रोका गया तो रामघाट के संतों और व्यापारियों के साथ लेकर आंदोलन किया जाएगा।
बुंदेली सेना जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ने बताया कि रामघाट में नाले की समस्या विकट है। गुप्त नाला दिव्यांग रैंप के पास नदी में गिरता है। नाले से रोज बड़े पैमाने पर गंदगी और कचरा सीधे नदी में गिर रहा है। सिंचाई विभाग, नगर पालिका और जल निगम इस नाले को लेकर एक-दूसरे को जिम्मेदार बताते हैं, लेकिन अब मनमानी नहीं चलेगी।
रामघाट के नाविक, संत और व्यापारियों से वार्ता हुई है। जल्द ही आंदोलन कर विभागों की कलई खोली जाएगी। नाले के ऊपर बैठकर ही आंदोलन तब तक चलेगा जब तक डीएम और जनप्रतिनिधि मौके पर नहीं पहुंचते। बताया कि दस दिन में विभाग न चेते और नाले की गंदगी न रोकी तो आंदोलन की हुंकार भरी जाएगी। नाला रामघाट में गंदगी की एक अहम वजह है और नाले को लेकर सभी उदासीन हैं।
