
आग से सात घर जले
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बांदा जिले में घर में लगी आग से गृहस्थी के साथ ही शादी के लिए एकत्रित दहेज के सामान, गहने और नकदी भी जल गई। आग बुझाने में छह लोग झुलस गए। आग ने एक के बाद एक सात घरों की गृहस्थी जला दी। रविवार यानी 21 मई को ही बरात आई। गमगीन माहौल में शादी की रस्में की गईं। महुआ ब्लॉक के ग्राम हड़हा कबौली निवासी दशिया की बेटी पुष्पा की बरात रविवार को आई थी।
एक दिन पहले शनिवार को घर में शादी की तैयारियां चल रहीं थी। रात में मातृका पूजन और अन्य कार्यक्रम होने के बाद रिश्तेदार और परिजन खाना खाकर सो गए। रात करीब तीन बजे घर में आग लग गई। लोग जब तक कुछ समझ पाते तब तक आग ने विकराल रूप लेकर पूरे मकान को चपेट में ले लिया। परिजनों ने किसी तरह घर से बाहर निकल कर जान बचाई। गृहस्थी का सामान बचाने और आग बुझाने के प्रयास में परिवार के श्यामबाबू, राकेश, दिलीप, छिद्दू, रामस्वरूप और धीरज झुलस गए। उन्हें प्राइवेट क्लीनिक में भर्ती कराया गया है।
