संवाद न्यूज एजेंसी, ललितपुर
Updated Tue, 23 May 2023 01:39 AM IST
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। भतीजे के साथ मुंबई से ट्रेन में सवार होकर अपने घर प्रयागराज जा रहे चाचा की चलती ट्रेन से नीचे गिर गया और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक युवक चलती ट्रेन में गेट पर खड़े होकर पान थूक रहा था, तभी असंतुलित होकर वह नीचे गिर गया और हादसे का शिकार हो गया।
रविवार की देर रात जीआरपी थाना पुलिस एक युवक जो कि ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल पड़ा था, उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंची। चिकित्सकों ने उसके शरीर का परीक्षण करने के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतक के साथ मौजूद अनस ने घटना के बारे में बताया कि मृतक युवक उसका चाचा मोहम्मद इमरान (24) पुत्र समद खान निवासी पीपरी जनपद प्रयागराज है। वह दोनों मुंबई में मजदूरी करते थे और लोकमान्य तिलक ट्रेन में सवार होकर घर प्रयागराज जा रहे थे। अभी ट्रेन ललितपुर रेलवे स्टेशन के पास ही पहुंची थी कि उसका चाचा इमरान पान थूकने के लिए ट्रेन के गेट पर पहुंचे। जहां वह असंतुलित हो गए और चलती ट्रेन से नीचे गिर गए। इस पर उसने ट्रेन को चेन पुलिंग करके रोक दिया।
ट्रेन ललितपुर रेलवे स्टेशन निकलने के करीब एक किलोमीटर दूरी पर रुकी। वह ट्रेन से नीचे उतरकर पटरियों पर अपने चाचा की खोजबीन करते हुए ललितपुर रेलवे स्टेशन की ओर जा रहा था। जब वह खंभा नंबर 1038/10 के पास यार्ड के समीप पहुंचा तो देखा कि जीआरपी पुलिस मौके पर थी और घायल पड़े उसके चाचा इमरान को अस्पताल ले जा रहे थे। जिला अस्पताल लाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक नौ भाइयों में पांचवें नंबर का था। सूचना पर मृतक के परिजन ललितपुर के लिए निकल चुके थे।
