दो युवकों पर दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगा दर्ज कराई थी झूठी रिपोर्ट
पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा था जेल, जमानत पर छूटा है युवक
तीन जून 2022 को पहाड़ी थानाक्षेत्र के एक गांव का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
चित्रकूट। पहाड़ी थानाक्षेत्र के गांव में तीन जून 2022 को हुई किशोरी की हत्या का मामला ऑनर किलिंग का निकला है। पुलिस ने माता-पिता और नाना को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। किशोरी की हत्या नाना ने मुंह दबाकर की थी। यही नहीं, परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दो युवकों को दुष्कर्म और हत्या के आरोप में जेल भेज दिया था। इन दिनों एक युवक जमानत पर है।
सीओ शीतलाप्रसाद पांडेय के अनुसार, किशोरी को उसके परिजनों ने घर में हड़िया (प्रयागराज) निवासी नदीम के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। नदीम गांव के बाहर चल रहे सड़क निर्माण कार्य का सुपरवाइजर था। गुस्साए परिजनों ने किशोरी को बुरी तरह पीटा, इससे उसकी तबीयत बिगड़ गई।
परिजन उसे एक निजी कार में अस्पताल ले गए। जिस समय माता-पिता किशोरी को अस्पताल में दाखिल कराने की बात करने अंदर गए थे, तभी कार में बैठे नाना ने उसका मुंह दबा दिया। पोस्टमार्टम की प्रथम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की बात आई थी। परिजनों ने नदीम व गांव के विपुल मिश्रा समेत तीन पर दुष्कर्म व हत्या का आरोप लगाया था।
इसके बाद पुलिस ने नदीम व विपुल को गिरफ्तार किया था। किशोरी के शव का पोस्टमार्टम होने के बाद विसरा लखनऊ भेजा था। विधि विज्ञान प्रयोगशाला लखनऊ की रिपोर्ट में बताया गया कि मृतका का मुंह दबाकर हत्या की गई है। सीओ ने बताया कि जांच के दौरान शक की सुई परिजनों की ओर घूम रही थी। विसरा रिपोर्ट के बाद परिजनों से सख्ती से पूछताछ की तो ऑनर किलिंग का खुलासा हुआ। नदीम और किशोरी के संबंध थे।
पहले ही कहा था मैं बेकसूर
लगभग 11 महीने बाद जमानत पर छूटे विपुल का कहना है कि उसे झूठा फंसाया गया था। उसने बार-बार यह बात कही थी, लेकिन किसी ने सच नहीं माना। मैं तो हंगामे के बाद पीड़ित परिवार की मदद करने गया था।
