चित्रकूट। झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रैपुरवा माफी मोड़ पर ट्रक चालक और स्थानीय लोगों का टेंपो सवार दो भाइयों से विवाद हो गया। मारपीट में टेंपो सवार महिला को भी पीट दिया। महिला का आरोप है कि उसके जेवर व नकदी भी लूट ले गए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने जाकर रास्ता खुलवाया और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
बांदा जिले के गिरवां मसूरी गांव निवासी बुद्धविलास और हेमचंद्र यादव ने बताया कि उसकी बहन अंजू यादव की शादी इसी माह 15 मई को शिवरामपुर के दहिनी गांव निवासी शिवभवन के साथ हुई है। मंगलवार की शाम को बहन की पहली विदाई कराकर टेंपो से लेकर जा रहे थे। रैपुरवा माफी गांव मोड़ पर ट्रक सड़क पर तिरछा खड़ा था। वहां पहुंचने पर सामने से दूसरा ट्रक आ गया। इससे उसका टेंपो आगे नहीं बढ़ पा रहा था। इस पर दोनों भाइयों ने ट्रक चालक से ट्रक को सीधाकर पीछे करने के लिए कहा तो वह गाली गलौज करने लगा।
दोनों भाइयों ने आरोप लगाया कि ट्रक चालक और उसके पक्ष में आसपास के कुछ लोग डंडे लेकर आ गए। गाली देकर उनकी पिटाई की। टेंपो से उतरकर बहन बचाने आई तो उसे भी पीटा। आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। सूचना पर यूपी-112 की टीम पहुंची और मामले को रफा दफा कराने के लिए ट्रक को रास्ते से हटवाया। भाइयों ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसकी बहन के कुछ जेवर व बैग में रखी नकदी लूट ली है। इसकी कीमत करीब दो लाख बताइ। शिवरामपुर चौकी प्रभारी राजोल नागर ने बताया कि मारपीट तो हुई है। महिला व उसके दो भाइयों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है, लेकिन लूट की बात स्पष्ट नहीं है। तहरीर मिली है जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
