बांदा। शहर के कई मोहल्लों में जल संकट गहरा गया है। इसकी वजह एक सप्ताह से चोक मुख्य पाइप लाइन की अब तक मरम्मत नहीं कराई जानी है। मोहल्लेवासियों का आरोप है कि जल संस्थान 15 दिन से पाइप लाइन का चोक नहीं खोज पाया। इससे भीषण गर्मी में हम लोग एक-एक बाल्टी पानी को परेशान हैं। मोहल्लों में हैंडपंपों में पानी भरने वालों की लंबी कतारें लग रही हैं। सुबह-शाम हैंडपंपों की भीड़ से बचने के लिए लोग रातभर व भरी दोपहरी में पानी भरने को मजबूर हैं। जल संस्थान द्वारा टैंकरों से की जा रही पानी की आपूर्ति ऊंट के मुंह में जीरा साबित हो रही है।
जनपद का पारा 45 डिग्री सेल्सियस के ईद-गिर्द पहुंच गया है। ऐसे में लोगों को पानी संकट झेलना पड़ रहा है। शहर में पानी आपूर्ति का जिम्मा संभाले जल संस्थान मांग तो दूर खाने पीने तक का पानी नहीं दे पा रहा है। पेयजल आपूर्ति के पटरी में उतरने से मोहल्ला कालूकुआं, बंगालीपुरा, सिविल लाइन, बिजली खेड़ा, विश्वविहार कॉलोनी में पिछले कई दिनों से नलों में भी पानी आना बंद हो गया है। इससे इन मोहल्लों की तकरीबन 50 हजार आबादी बुरी तरह से प्रभावित है। यहां पर एक-एक बाल्टी पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। मोहल्ले में लगे ज्यादातर हैंडपंप खराब पड़े हैं। इक्का-दुक्का ठीक-ठाक हैंडपंपों में पानी भरने वालों की लंबी लाइनें लगी रहती हैं। नौकरी पेशा व व्यापारी वर्ग सुबह-शाम हैंडपंपों में लगने वाली भीड़ से बचने के लिए रात में पुरुष व दोपहर में महिलाएं पानी भर रही हैं।
मोहल्लावासियों की सुनिए पीड़ा
मोहल्ले के शिवबदन, कल्लू, चुनबदिया, रन्नों आदि का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से नलों में पानी नहीं आ रहा है। जल संस्थान एक या दो टैंकर पानी भेजता है जो आते साथ चंद मिनटों में खत्म हो जाता है। हैंडपंपों से पानी भरने में हाथों में छाले पड़ गए हैं। शुबह-शाम हैंडपंपों मेें भीड़ होने से एक घंटे में एक बाल्टी पानी मिल पाता है। दोपहर को गर्मी के कारण हैंडपंप खाली रहते हैं। दोपहर में पानी भरने जाते हैं ताकि ज्यादा देर इंतजार न करना पड़े। गर्मी के कारण पूरे बदन में लाल-लाल दाने व चकत्ते पड़ गए हैं।
वर्जन-
शहर के कुछ मोहल्लों में पानी न आने की शिकायत पर में मौके पर गया था। मुख्य पाइप लाइन कहीं चोक है। एक्सईएन को पेट्रोलिंग कराकर पाइप लाइन का चोक ठीक कराने के निर्देश दिए हैं। जल्द समस्या का निदान हो जाएगा।
पुरुषोत्तम कुमार
महाप्रबंधक
जल संस्थान, चित्रकूटधाम मंडल, बांदा
