
मौके पर मौजूद पुलिस
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
झांसी के कटेरा थाना इलाके के ग्राम लारोन में जमीन विवाद में शुक्रवार की रात भरी पंचायत में बुजुर्ग दंपती पर फायरिंग कर दी गई। घटना में पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति घायल है, जिसका इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है। हत्या का आरोप प्रधान पक्ष के लोगों पर लगाया गया है। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी हुई है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
ग्राम लारोन में रहने वाले नारायण सिंह (70) खेतीबाड़ी करते हैं। नारायण ने बताया कि साल 2012 में उन्होंने अपनी जमीन गिरवी रखकर गांव के कुछ लोगों से चार लाख नब्बे हजार रुपये का कर्ज लिया था। लेकिन, विपक्षियों ने धोखे से 18 बीघा जमीन अपने नाम करा ली थी। इसके अलावा वह विपक्षियों को कई किस्तों में 10 लाख रुपये दे चुके हैं।
बावजूद, वे जमीन मुक्त नहीं कर रहे हैं। वे कई गुना पैसे की मांग कर रहे हैं। नारायण ने बताया कि हालांकि जमीन अभी उसके कब्जे में ही है, लेकिन विपक्षी अब जमीन जोतने की बात कर रहे हैं। इसे लेकर कई बार गांव में पंचायत भी हो चुकी है। लेकिन, बात नहीं बन पाई। नारायण ने बताया कि शुक्रवार की रात तकरीबन 10 बजे प्रधान पक्ष के लोग उसके घर आए और पंचायत के लिए बुलाया।
इस पर वह मामले को निपटाने के लिए 22 लाख रुपये से भरा बैग लेकर पत्नी सुखमारी राजा (65) के साथ प्रधान के घर पंचायत में पहुंचा। वहां पहले से ही गांव के कुछ लोग मौजूद थे। वहां पहुंचते ही उन्होंने बैग छीन लिया। विरोध करने पर विपक्षियों ने गोली चला दी। एक गोली पत्नी के सीने में लगी, जिससे वह वहीं गिर गई।
