दोपहर में खेत पर फसल काटने के दौरान हुआ हादसा, शाम को थी बरात
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। ग्राम पटौरा खुर्द में रविवार को दूल्हा बने भतीजे की बरात उठने से पहले उसकी चाची की बिजली की चपेट आने से मौत हो गई। महिला अन्य परिजनों के साथ खेत पर उड़द की फसल काट रही थी।
थाना जाखलौन के अंतर्गत ग्राम पटौरा खुर्द निवासी सरस्वती (42) पत्नी चुन्नी लाल के देवर अजय सिंह के पुत्र सचेंद्र की शादी है। रविवार की शाम को ग्राम गुजरातन बरात जानी थी। घर में बरात को लेकर तैयारियां की जा रही थीं। बरात को शाम के समय निकलना था। ऐसे में सरस्वती दिन में अपने अन्य परिजनों आशीष, रानी, गंगाबाई, जगपाल, हरभान, किरन और नेहा के साथ खेत पर उड़द की फसल काटने चली गई।
सभी लोग खेत पर फसल काट रहे थे कि दोपहर को अचानक से मौसम खराब हो गया और बदरी छा गई। इसी दौरान खेत में बिजली गिरी। जिसकी चपेट में सरस्वती आ गई और घायल होकर अचेत हो गई। परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल ले गए। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की दो बेटियां व एक बेटा है। मृतका का पति पीआरडी जवान है। उधर, परिजनों के अनुसार अंतिम संस्कार के बाद गमगीन माहौल में बरात उठाई गई। इस दौरान परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।
राजस्व टीम ने किया घटनास्थल का मुआयना
ललितपुर। बिजली की चपेट में आने से महिला की मौत हो जाने की सूचना मिलने पर राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना किया। आपदा विशेषज्ञ आरती सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृतका के परिजनों को शासन द्वारा दी जाने वाली आपदा राहत धनराशि के चार लाख रुपये दिए जाएंगे।
