संवाद न्यूज एजेंसी, चित्रकूट
Updated Mon, 29 May 2023 11:45 PM IST
चित्रकूट। स्टेशन में जहरखुरानों ने वृद्धा को गुटके में नशीला पाउडर मिलाकर खिलाया। महिला के बेसुध होने पर लगभग दो हजार रुपये व गले में पड़ी जंजीर व पैरों से पायल लेकर चंपत हो गए। मामले में जीआरपी को कोई जानकारी नहीं है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के कसहाई गांव निवासी जगनथिया (65) की नातिन कृष्णादेवी ने सोमवार को जिला अस्पताल में बताया कि उसकी दादी रविवार की शाम को वह मानिकपुर जाने के लिए घर से निकली थी। कर्वी रेलवे स्टेशन पहुंची और ट्रेन के आने का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान वहां दो युवक आए और उसके पास बैठ गए। बातचीत के दौरान युवकों ने उसे पान गुटका खिलाया। कुछ देर बाद बेहोश हो गई। जहरखुरान उसके दो हजार रुपये नगद, जेवरात, बैग व अन्य सामग्री लेकर चंपत हो गए।
वृद्धा रात को स्टेशन पर पड़ी रही लेकिन किसी ने भी इसकी सुध नहीं ली। सोमवार की सुबह उसके गांव के कुछ लोगों ने उसे बेहोशी की अवस्था में पड़ा देखा तो आनन-फानन परिजनों को सूचना देकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इस संबध में जीआरपी थाना प्रभारी विनेश सिंह ने बताया कि उन्हें जानकारी नहीं है।
