राजापुर(चित्रकूट)। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार चचेरे भाइयों को टक्कर मार दी। इसमें एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। चालक ट्रक समेत मौके से भाग निकला।
सरधुआ थाना क्षेत्र के हस्ता गांव निवासी सुखराज (42) पुत्र सूरजपाल वर्मा अपने चचेरे भाई राजा (44) पुत्र रामप्रसाद वर्मा के साथ बाइक से शनिवार की शाम को गनीवां गांव स्थित भैसियाई का पुरवा निवासी श्यामलाल वर्मा के यहां निमंत्रण में गए थे। रविवार को वह वापस गांव जा रहे थे। जैसे ही वह राजापुर कस्बा स्थित डाक बंगले के पास पहुंचे तो लूपलाइन चौराहे के पास कर्वी की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी।
जिसके चलते वह दोनों गिरकर घायल हो गए। आनन-फानन पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सीएचसी में भर्ती कराया। रविवार की रात को इलाज के दौरान सुखराज की मौत हो गई। जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने था। दूसरे घायल राजा की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। उसका इलाज जारी है।
मृतक के छोटे भाई प्रमोद कुमार ने बताया कि सुखराज दो भाई व चार बहनों में पांचवें नंबर का था। उसके दो पुत्र व दो पुत्रियां हैं। पत्नी अनीसा देवी का रो-रोकर हाल बेहाल है। वह मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था।
राजापुर। मृतक के भाई प्रमोद ने आरोप लगाया कि सड़क हादसे के दौरान सुखराज व राजा जब घायल पड़े थे तब अज्ञात लोगों ने सुखराज का पर्स, मोबाइल, आधार कार्ड व आठ हजार रुपये जेब से गायब कर दिए। इस संबध में थाना प्रभारी भास्कर मिश्रा ने बताया कि उनकी टीम को जो भी सामग्री मिली है वह सब परिजनों को सौंपी गई है। अन्य की जानकारी नहीं है। सड़क दुर्घटना की अज्ञात ट्रक व चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
