
मृतक दक्ष
– फोटो : फाइल फोटो
विस्तार
अलीगढ़ महानगर के महुआ खेड़ा थाना क्षेत्र के ग्रीन पार्क अपार्टमेंट में सोमवार रात एक सीए (चार्टर्ड एकाउंटेंट) के 11वीं में पढ़ रहे छात्र बेटे ने फ्लैट में फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली। छात्र ने यह कदम उस समय उठाया, जब वह घर में अकेला था। उसने ऐसा क्यों किया, यह तो अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ। मगर सुसाइड नोट में उसने मम्मी-पापा के लिए लिखा कि उसे माफ कर देना, उसने आपको नीचा दिखाया है। फिलहाल पुलिस तथ्यों की जांच में जुटी है। इधर, बेटे की इस तरह मौत के बाद परिवार ने उसकी आंखों का दान कर दिया है।
ग्रीन पार्क अपार्टमेंट निवासी अमित निर्मल के दो बेटों में बड़ा 16 वर्षीय दक्ष शहर के नामचीन स्कूल का 11वीं का छात्र था। छोटा लक्ष्य भी उसी स्कूल का छात्र है। शनिवार को अमित अपनी पत्नी के साथ मसूरी घूमने गए थे, जबकि लक्ष्य स्कूल टूर पर पुणे गया है। सोमवार रात अमित दंपती वापस लौटे थे। रात एक बजे जब वे अपने फ्लैट पर पहुंचे तो काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुला। इस पर उन्होंने बगल के अपने दूसरे फ्लैट की बालकनी में पहुंचकर दरवाजा खोला तो अंदर पहुंच दंग रह गए।
दक्ष का शव फंदे से पंखे पर लटका हुआ था। इस पर पड़ोसियों की मदद से शव उतारा गया और पुलिस को खबर दी गई। आनन-फानन उसे क्वार्सी के नर्सिंग होम ले जाया गया। मगर वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इधर, पुलिस ने जब जांच शुरू की तो उसकी टेबिल पर स्कूल की कापी में सुसाइड नोट लिखा मिला, जिस पर अंकित था कि आईएम सॉरी मम्मी-पापा, आई हैव लेट यू डाउन (मुझे माफ कर देना मम्मी-पापा, मैने आपको नीचा दिखाया है)। पुलिस ने सुसाइड नोट सीज कर दिया है। वहीं शव मंगलवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद परिवार को सौंप दिया है।
ग्रीन पार्क अपार्टमेंट में किशोर की आत्महत्या के बाद हुई जांच में सुसाइड नोट मिला है। उसके लैपटॉप व मोबाइल की जांच की जा रही है। परिवार का भी किसी तरह का कोई आरोप नहीं है। तथ्यों के सामने आने पर आगे कार्रवाई तय की जाएगी।-पुनीत द्विवेदी, एएसपी/सीओ-द्वितीय
