Spread the love


बांदा। असलहों से लैस सात बदमाशों ने बैंक लूट का प्रयास किया। बैंक के बाहर खड़े मैनेजर की कनपटी पर बंदूक रखकर चाबी छीनी, लेकिन दिव्यांग बैंक कर्मी की सूझबूझ से एक बदमाश को मौके पर ही पकड़ लिया गया। मैनेजर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर कैरी हार से तीन और बदमाशों को मुठभेड़ कर गिरफ्तार कर लिया। तीनों के पैर में गोली लगी है। तीन अन्य बदमाश भाग निकले। पकड़े गए चारों बदमाशों का मंगलवार को मेडिकल उपचार कराकर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।

बिसंडा थाना क्षेत्र के कोर्रही गांव में कैरी गांव रोड किनारे आर्यावर्त बैंक है। सोमवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे जब बैंक बंद की जा रही थी। बैंक मैनेजर अतर्रा निवासी अरुण साहू, कैशियर सचिन देव और फील्ड अफसर आशीष कश्यप कार में बैठे थे। चतुर्थ श्रेणी कर्मी कोर्रही गांव निवासी धर्मपाल पांडे बैंक के चैनल में ताला लगा रहा था। तभी असलहों से लैस सात बदमाश पहुंचे और रुपये जमा करने की बात कहकर चैनल का ताला खुलवाना चाहा। मैनेजर ने मना किया तो एक बदमाश ने उनकी कनपटी पर बंदूक रख दी और उनका पर्स व बैंक की चाबी छीन ली।

चतुर्थ श्रेणी कर्मी धर्मपाल ग्रामीणों की मदद से बंदूक लगाए बदमाश से भिड़ गया और लोगों की मदद से उसे दबोच लिया। हालात बिगड़ने देख छह बदमाश भाग निकले। मैनेजर की सूचना पर करीब छह बजे पहुंची बिसंडा पुलिस ने कैरी हार गांव के बाहर घेराबंदी की मुठभेड़ में तीन और बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि अंधेरे में तीन बदमाश भाग निकले। एसपी अभिनंदन ने घटना की पुष्टि की। बताया कि पहले पकड़े गए बदमाश जयपुर (राजस्थान) के रिद्धि सिद्धि थड़ी निवासी राकेश मीणा की निशानदेही पर पुलिस की चार टीमों ने ऑपरेशन चलाया।

रात करीब साढ़े 10 बजे कैरी हार गांव के बाहर मुठभेड़ में दौसा (राजस्थान) के डीडवाना थाना लालसोठ निवासी नीतेश कुमार महावर (21) पुत्र अशोक कुमार, सूरज कुमार महावर पुत्र जगदीश कुमार महावर और बिसंडा थाना क्षेत्र के कैरी गांव निवासी भगवानवा उर्फ हेमचंद्र (25) पुत्र राधेश्याम पटेल को गिरफ्तार किया। इन तीनों के मुठभेड़ में पैर में गोली लगी हैं। पुलिस ने एंबुलेंस से जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में सवा 11 बजे भर्ती कराया।

एसपी ने बताया कि फरार बदमाशों में फतेहपुर के मशवानी गांव निवासी अनवर पुत्र गुलाम मोहम्मद, चिल्ला थाना क्षेत्र के ललौली गांव का सलमान उर्फ सद्दाम और बबेरू कोतवाली क्षेत्र के हरदौली निवासी इमरान शामिल हैं। एसपी ने बताया कि बदमाशों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। इनके पास से तीन तमंचे बरामद हुए हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *