Spread the love


चित्रकूट। सदर कोतवाली क्षेत्र के मानिकपुर मार्ग खोह अस्पताल के पास तेज रफ्तार से जा रहे बाइक सवारों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इसमें चारों बाइक सवार गिरकर घायल हो गए। पुलिस ने सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां एक की मौत हो गई, जबकि दूसरे को प्रयागराज रेफर कर दिया गया। अन्य दो को बेहोशी अवस्था में भर्ती कराया गया। मृतक जालौन का निवासी था जो अपने बहनोई के घर शादी समारोह में शामिल होने आया था।

भदरेखी थाना आटा जालौन निवासी सिद्धगोपाल (28) पुत्र विजय अहिरवार सोमवार को पत्नी विमला देवी व बहन नीलम के साथ खोह गांव निवासी मधुसूदन अहिरवार के पुत्र विनय की शादी में शामिल होने आया था। मंगलवार की रात्रि को वह मऊ के हटवा निवासी संजय (27) पुत्र रामदयाल के साथ बाइक से सामग्री लेने के लिए जिला मुख्यालय की ओर आ रहा था जैसे ही वह खोह अस्पताल के पास पहुंचे तो सामने से दूसरी तेज रफ्तार से आ रही बाइक से भिड़ंत हो गई।

जिसके चलते चारों गिरकर घायल हो गए। दोनों बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था। आनन-फानन पुलिस ने सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान सिद्धगोपाल की मौत हो गई, जबकि संजय को प्रयागराज रेफर कर दिया।

दूसरी बाइक पर सवार दोनों युवकों को बेहोशी अवस्था में ही जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी पहचान नहीं हो पाई है। सिद्धगोपाल की मौत की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के चाचा श्याम कुमार ने बताया कि वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। पिछले वर्ष ही उसकी शादी हुई थी। पत्नी विमला देवी का रो-रोकर हाल बेहाल है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *