
एक साल पहले हेरोइन के साथ गिरफ्तार हुई सुल्ताना परवीन थी
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मादक पदार्थों की तस्कर गिरोह की सरगना सुल्ताना परवीन उर्फ आंटी की एक करोड़ 12 लाख 67 हजार 200 रुपये की अचल संपत्ति पुलिस ने गुरुवार को कुर्क कर ली। आरोप है कि यह संपत्ति मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित धन से बनाई गई थी। मिर्जापुर जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र के बुढ़ादेई निवासी सुल्ताना परवीन पर आरोप है कि वह हेरोइन, गांजा आदि मादक पदार्थों की तस्करी करती रही है। एक वर्ष पूर्व पुलिस ने उसे हेरोइन के साथ गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज किया था। बाद में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया।
सुल्ताना परवीन पर एनडीपीएस के तहत अहरौरा थाने में मुकदमे दर्ज हैं। गैंगस्टर एक्ट के विवेचक प्रभारी निरीक्षक थाना राजगढ़ राणा प्रताप की रिपोर्ट पर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा के अनुमोदन के बाद जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने उत्तर प्रदेश गिरोह बंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत अचल संपत्ति कुर्क करने का आदेश दिया था।
इसके बाद उप जिलाधिकारी चुनार, थानाध्यक्ष अहरौरा कुमुद शेखर सिंह, थानाध्यक्ष राजगढ़ राणा प्रताप यादव ने पुलिस फोर्स के साथ चार मकानों को कुर्क कर लिया।
ये भी पढ़ें: और छिन गईं चार जिंदगियां; काल बना तेज रफ्तार ट्रक, गर्भवती महिला, पति और मासूम बच्चे की मौत, हादसे से सहमे लोग
