संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद के विद्यार्थियों की समस्याओं का निदान जनपद स्तर पर ही किया जाएगा। इसके लिए 12 जून से जनपद स्तर पर शिक्षा विभाग द्वारा कैंप आयोजित किए जाएंगे। इसमें मार्कशीट में नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि आदि की त्रुटियों सहित अन्य गड़बड़ियों को ठीक किया जाएगा।
माध्यमिक विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के अंकपत्रों में त्रुटियों को दूर कराने के लिए विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावक भी परेशान होते हैं। जनपद में करीब 100 छात्र-छात्राएं अंक पत्रों में गड़बड़ी ठीक कराने के लिए विभाग के चक्कर लगा रहे हैं।
ऐसे में इन परेशानियों का निस्तारण जनपद स्तर पर ही करने के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद ने नई पहल की है। इसके तहत अब जनपद स्तर पर कैंप का आयोजन किया जाएगा। यह कैंप 12 जून से 30 जून तक आयोजित किए जाएंगे।
इन कैंपों में माध्यमिक शिक्षा परिषद के अधिकारियों की टीम मौजूद रहेगी और इन त्रुटियों का निस्तारण करेगी। जनपद स्तर पर आयोजित होने वाले इन कैंपों को लगाने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के द्वारा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
