संवाद न्यूज एजेंसी, बांदा
Updated Fri, 02 Jun 2023 12:04 AM IST
बांदा। अतर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत कस्बे के सुभाष नगर मुहल्ले में रहने वाली ममता देवी पत्नी महेश गुप्त के साथ जिला उद्योग केंद्र से ऋण दिलाने के नाम पर ठगी होने का मामला सामने आया है। खुद को बैंक का फाइल आफिसर बताने वाले ने धीरेंद्र नाम के व्यक्ति ने ठगी की है। थाने में सुनवाई न होने पर महिला ने पुलिस महानिदेशक के यहां गुहार लगाई। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ठगी की शिकार हुई महिला ने जिला उद्योग केंद्र में व्यापार करने के लिए आवेदन किया था। जिसमें तीन लाख का ऋण भी पास हो गया था। इसके बाद एक मोबाइल नंबर से महिला के पास फोन आया। जिसमें महिला से लोन पास कराने के नाम पर 30,000 रुपये की मांग की गई।
महिला ने रुपये देने से मना कर दिया तो ऋण कैंसल हो गया। कुछ दिनों बाद उपरोक्त व्यक्ति का फोन फिर आया। इसमें लोन की फाइल को रिओपन कराने की बात कही गई और पैसे की मांग की गई। महिला ने मांग पूरी कर दी। इसी तरह बीच बीच में कई बार ऋण के बहाने पैसे की मांग उपरोक्त व्यक्ति द्वारा की जाती रही, लेकिन ऋण पास नहीं हुआ। जब महिला ने शिकायत करने की बात कही धमकी भी दी गई। इसकी शिकायत महिला द्वारा पुलिस महानिदेशक की यहां की गई। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने प्रार्थना पत्र के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
