आवेदकों को एआरटीओ कार्यालय के नहीं लगाने पड़ेंगे चक्कर
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। परिवहन विभाग ने लोगों को राहत देने के लिए लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस पर मुख्यालय से ऑटो अप्रूवल हस्ताक्षर की व्यवस्था कर दी गई है। जिससे आवेदकों को एआरटीओ कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस के लिए घर बैठे ऑनलाइन आवेदन करने की व्यवस्था कर दी गई थी, इससे आवेदकों को एआरटीओ कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ते हैं। आवेदक घर बैठे या किसी साइबर कैफे से आवेदन करके लर्निंग लाइसेंस बनवा सकते हैं। लेकिन, इसके बाद आवेदक को लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस पर अप्रूवल हस्ताक्षर कराने के लिए एआरटीओ कार्यालय के बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे थे।
ऐसे में विभाग ने आवेदकों को इससे भी राहत दे दी है। अब सभी ड्राइविंग लाइसेंसों पर मुख्यालय से ऑटो अप्रूवल की व्यवस्था कर दी है। इससे स्वत: मुख्यालय से ही लर्निंग लाइसेंसों पर हस्ताक्षर हो जाएंगे। साथ ही लाइसेंस आवेदक के घर के पते पर डाक के माध्यम से पहुंच जाएगा।
इस व्यवस्था से प्रतिदिन कार्यालय के चक्कर लगाने वाले सैकड़ों आवेदकों को राहत मिलेगी। एआरटीओ एसएल गौर ने बताया कि लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस पर मुख्यालय से ऑटो हस्ताक्षर की व्यवस्था कर दी गई है, इससे आवेदकों को कार्यालय आने के झंझट से छुटकारा मिलेगा।
