Spread the love


बांदा। कर्वी (चित्रकूट) गेस्ट हाउस व्यवसायी का शव शहर कोतवाली क्षेत्र के जैन लाॅज के कमरा नंबर-103 में गुरुवार की शाम पांच बजे मिला। वह घर से बुधवार की शाम से लापता थे। परिजन खोज कर रहे थे। भाई और पुत्र उनकी तलाश में बांदा भी आए थे। पुलिस आत्महत्या का मामला मानकर जांच में जुटी है। वहीं, परिजन सुसाइड का कोई कारण नहीं बता पा रहे हैं।

कर्वी कोतवाली क्षेत्र के शत्रुघ्नपुरी मोहल्ला निवासी जितेंद्र करवरिया (54) का शव रेलवे स्टेशन रोड स्थित जैन लाॅज के कमरे में बेड पर पड़ा मिला। गुरुवार की शाम पांच बजे के करीब लॉज का कर्मी रूम की सफाई करने गया तो कमरा अंदर से बंद था।

काफी देर तक आवाज देने पर आहट नहीं मिली तो अन्य कर्मियों को बताया। मौके पर पहुंचे सीओ गवेंद्र पाल गौतम व शहर कोतवाल मनोज शुक्ला ने कमरे का दरवाजा तोड़वाया। कोतवाल ने बताया कि कमरे में रखे डस्टबीन में सल्फास का खाली रैपर, पानी की बोतल और सिगरेट की डिब्बी मिली है। उन्होंने फोरेंसिक टीम से साक्ष्य एकत्र कराए।

मृतक के मोबाइल नंबर से उनके परिजनों को जानकारी दी गई। उधर, खोजबीन कर रहे मृतक के भाई अवधेश करवरिया और पुत्र त्रिभुवन करवरिया मौके पर पहुंचे। अवधेश ने बताया कि 200 बीघा जमीन के काश्तकार थे। तीन भाइयों में बड़े थे। ब्लड प्रेशर के मरीज थे। कई साल पहले ब्रेन हेमरेज हुआ था। तब से वह गेस्ट हाउस के व्यवसाय में हाथ बटा रहे थे। घर में पत्नी अनुपमा, एक पुत्र और एक पुत्री है।

घर और व्यवसाय में कोई ऐसा विवाद नहीं था। वह खुद नहीं समझ पा रहे कि उन्होंने खुदकुशी क्यों की है। उधर, शहर कोतवाल मनोज शुक्ला ने बताया कि प्रथम दृष्टया जहर खाकर खुदकुशी करना प्रतीत हो रहा है। परिजन कोई ठोस वजह नहीं बता पा रहे हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *