Spread the love


ग्राम झरावटा में 29 मई को हुए हत्याकांड का खुलासा, छोटे बेटों के नाम जमीन करना चाहती थीं गेंदारानी

संवाद न्यूज एजेंसी

ललितपुर। 29 मई को ग्राम झरावटा में गेंदारानी को उनके बड़े बेटे वृषभान ने ही चार एकड़ जमीन के लिए गला दबाकर मार डाला था। गेंदारानी यह जमीन अपने तीसरे और चौथे नंबर के बेटों के नाम करना चाहती थीं। इसी बात को लेकर वृषभान नाराज था। शुक्रवार को पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

ग्राम झरावटा में 29 मई को अटारी पर सो रही गेंदारानी (75) पत्नी बालचंद कुर्मी की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया था। शुरुआती जांच में पुलिस की शक की सुई परिजनों के ईदगिर्द ही घूम रही थी। पुलिस ने बड़े बेटे वृषभान को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। हत्यारोपी ने बताया कि उसके माता-पिता के नाम चार एकड़ जमीन है। यह जमीन वह अपने नाम कराना चाहता था। माता-पिता इस जमीन को तीसरे और चौथे नंबर के बेटों को देना चाहते थे। इस बात को लेकर वृषभान का कई बार अपने माता-पिता से विवाद भी हुआ था। इसी गुस्से में उसने अपने मां की हत्या कर दी।

पुलिस बोली – नहीं चोरी हुए जेवरात

परिजनों ने अटारी में रखे बॉक्स का ताला तोड़कर उसके अंदर रखे करीब 15 तोला सोने के जेवरात, तीन किलोग्राम चांदी के जेवरात और करीब एक लाख रुपये चुरा ले जाने का आरोप भी अज्ञात लोगों पर लगाया था। हालांकि पुलिस ने इस चोरी से इन्कार कर दिया है।

तुलसी विवाह कार्यक्रम पर दिया हत्या को अंजाम

गेंदारानी के दूसरे नंबर का पुत्र तिलकराम तुलसी विवाह का धार्मिक आयोजन कर रहा था। 29 मई को मटयाना का कार्यक्रम हुआ था। गांव की महिलाओं के साथ ही गेंदारानी शामिल हुईं थीं। रात्रि करीब आठ बजे गेंदारानी घर में चली गई थीं। इसका फायदा वृषभान ने उठाया और रात को अपने पैतृक मकान में पहुंचा। यहां मां का गला दबाकर मौत के घाट उतार अपने घर पहुंच गया था।

गेंदारानी हत्याकांड में बड़े बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। आगे जो भी तथ्य निकलकर सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

अभिषेक कुमार अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *