Spread the love


चित्रकूट जिले में नमकीन के व्यापारी काशी ने चार साल पहले नया मकान बनवाकर कारखाना लगाया था। कुछ दिन बाद घाटा होने से कारखाना बंद हो गया। इसके कारण वह अंधविश्वास में फंसकर तंत्र मंत्र के सहारे अपनी आर्थिक स्थिति सुधारने के फेर में पड़ गया।

परिवार के साथ खुद को मकान तक सीमित कर लिया। काशी केसरवानी नमकीन बनाने का कारखाना चलाता था। स्थानीय लोगों ने बताया कि कारखाने से उसे अच्छी कमाई हो रही थी। इसीलिए उसने समीप ही भूमि खरीद कर मकान बनवाया। इसमें उसने पूरा कारखाना स्थापित कर लिया।

लेकिन इसके बाद उसे घाटा होने लगा। कारखाना बंद हो गया। इसके बाद वह परिवार के साथ घर में कैद हो गया। यहां तक कि अपने पिता-माता समेत रिश्तेदारों से भी दूरियां बना ली। किसी को घर में घुसने की इजाजत नहीं देता था। खिड़कियां पूरी तरह बंद कर ली थीं।



घर के अंदर लाइट तक नहीं जलती थी

पड़ोसी बताते हैं कि वह घर के अंदर लाइट नहीं जलाता था। अंधेरे में पूरा परिवार रहता था। मोहल्लेवासियों ने बताया कि कभी कभार काशी गुप्ता अपनी बाइक से निकलता था और फिर घर आकर कैद हो जाता। लगभग तीन-चार वर्ष से यह सिलसिला चल रहा था।


पत्नी बोली-कोई सिद्धि पाना चाहते थे पति

चाइल्ड लाइन के समन्वयक विशेष त्रिपाठी ने बताया कि व्यापारी के घर में कई जगह पूजन सामग्री व तंत्र मंत्र की सामग्री मिली है। उसकी पत्नी ने भी बताया कि किसी सिद्धि को पाने के लिए पति दिन रात पूजन करते थे और उन सबको घर से बाहर नहीं जाने देते थे।


काफी प्रयासों के बाद खुलवाया गया कमरा

चाइल्ड लाइन के अधिकारियों ने बताया कि घर में अंदर से लगे ताले को काफी प्रयास के बाद खुलवाया गया। कमरे के अंदर दंपती और बच्चे अंधेरे में कैद मिले। कमरे में गंदगी के साथ तंत्र-मंत्र की सामग्री का ढेर था और बच्चों की हालत काफी खराब थी। टीम ने एम्बुलेंस से सभी को लेकर जाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया।


किसी तांत्रिक से संपर्क में था काशी

पूछताछ में काशी ने बताया कि नए मकान में आने के बाद उनके नमकीन के कारोबार में घाटा होने से घर में पूजा-पाठ कर रहा था। उसने कहा किसी तांत्रिक के कहने पर नहीं बल्कि खुद परिवार के साथ पूजा-पाठ कर रहा था और कामना सिद्ध तक पूजा का फैसला किया था। हालांकि यह माना जा रहा है कि वह किसी तांत्रिक के संपर्क में था।




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *