संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। व्यापारियों का कहना है कि नगर में पार्किंग शुल्क के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। इसको लेकर जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने नगर पालिका अध्यक्ष को संबोधित ज्ञापन पालिका प्रशासन को सौंपा है। इसमें परिषद के कुछ ठेकेदारों के खिलाफ नगर की सीमा के चारों ओर पार्किग शुल्क के नाम पर अवैध वसूली का आरोप लगाया गया है।
ज्ञापन में बताया कि ठेकेदारों के कर्मचारी जो रसीद दे रहे हैं, उसमें कोई रकम नहीं भरी हुई है। सिर्फ वाहन का नंबर ही लिखा हुआ है। ठेकेदारों की ओर से वर्ष 2008 में जो पार्किग शुल्क का गजट कराया गया था। उसमें दरों को स्पष्ट किया गया था। लेकिन गजट में निर्धारित शुल्क से कई गुना अधिक की वसूली की जा रही है। पालिका द्वारा पार्किग स्थल बनाए गए है वहां पर वसूली न करके संपूर्ण ललितपुर की नगर सीमा को ही अपना वसूली केंद्र बना लिया है। जिला प्रशासन को पार्किग स्थल की पालिका द्वारा सौंपी सूची दी गई थी। इनमें 12 पार्किग स्थल दिए थे।
बस स्टैंड स्टेशन रोड, चंद्रशेखर पार्क के सामने, मवेशी बाजार, आजाद चौक, घंटाघर, एलआईयू के सामने, आंबेडकर पार्क के सामने, नवीन गल्ला मंडी, पुरानी नजाई, नजाई गेट के सामने, सब्जी मंडी परिसर, बस स्टैंड शामिल हैं। ठेकेदारों की ओर से नवीन गल्ला मंडी परिसर में जबरिया किसानों, व्यापारियों से वसूली की घटना सामने आई थी। व्यापारियों ने विरोध भी दर्ज कराया था। अभी तक घटना के संबंध में नगर पालिका ने कोई कार्रवाई नहीं की।
ज्ञापन देते समय महेंद्र जैन मयूर प्रदेश चेयरमैन, प्रदीप त्रिपाठी जिलाध्यक्ष, लखन अग्रवाल, अनिल जैन, महेश जैन मोनू , आशीष सिंघई, केदारनाथ तिवारी, संजीव जैन कप्तान अध्यक्ष गल्ला व्यापार मण्डल, उदय भान सिंह यादव, रिंकू जैन पारोैल, सौरभ कुमार, अभय जैन एडवोकेट आदि उपस्थित रहे।
