फॉलोअप
दुष्कर्म पीड़िता से पुलिस ने की दोबारा पूछताछ
दुष्कर्म और जबरन निकाह का दबाव डालने का मामला
सूरत से नहीं लौटी पुलिस टीम, जल्द गिरफ्तारी का दावा
संवाद न्यूज एजेंसी
बांदा। सामूहिक दुष्कर्म और जबरन निकाह का दबाव बनाने के आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें गैर प्रदेशों में डेरा डाले हैं। नरैनी कोतवाली की एक टीम अब तक सूरत (गुजरात) से नहीं लौटी है। उधर, दुष्कर्म पीड़िता के सीजेएम कोर्ट में बयान दिलाने के बाद पुलिस ने थाने में दोबारा पूछताछ की है।
नरैनी कोतवाली क्षेत्र के कस्बा निवासी किशोरी 14 मई को घर से सब्जी लेने बाजार गई थी। यहां से उसे पन्ना मध्य प्रदेश का गुड्डू रुमाल सुंघाकर बेहोश करके अपने साथ सूरत (मध्य प्रदेश) ले गया था। वहां उसने एक किराए के मकान में अपनी पत्नी बताकर रखा था। किशोरी का आरोप है कि यहां उसने 14 दिन तक अपने दो अन्य साथियों के साथ दुष्कर्म किया था। बाद में जबरन निकाह करने का दबाव डाला था। इस प्रकरण में किशोरी का मेडिकल परीक्षण और सीजेएम कोर्ट में बयान हो चुके हैं। सीजेएम कोर्ट में बयान के बाद उसे नरैनी कोतवाली ले जाते समय कुछ देर के लिए गिरवां थाने में शनिवार की शाम रोका गया था। यहां उससे दोबारा महिला कांस्टेबिलों की मौजूदगी में कड़ाई से पूछताछ की गई थी। पूरे घटनाक्रम में नरैनी कोतवाल अरविंद सिंह गौर ने बताया कि कोर्ट में बयान दिलाने के बाद पुलिस टीम कुछ देर के लिए गिरवां थाने में रुकी थी। वहां किशोरी से दोबारा पूछताछ की गई है। सूरत गई टीम अभी लौटी नहीं है। उधर, वह खुद पन्ना और चित्रकूट जनपद में छापा मारी कर चुके हैं। बहुत जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।
