कौशांबी निवासी दंपती के संदिग्ध हालात में मिले शव
पति का शव हैंडपंप के पास तो पत्नी का पेड़ के नीचे मिला
आधार कार्ड से हुई दोनों की शिनाख्त, 15 दिन से थे लापता
कमासिन थाना क्षेत्र के जगऊं टोला लखनपुर गांव का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
कमासिन (बांदा)। कमासिन थाना क्षेत्र के जगऊं टोला लखनपुर गांव में नट बाबा नामक स्थान पर कौशांबी जिले के दंपती के शव संदिग्ध हालत में रविवार सुबह पांच बजे पड़े मिले। दोनों 15 दिन से घर से लापता थे। ग्रामीणों की सूचना पर एसपी अभिनंदन ने निरीक्षण किया। घटना स्थल से जहर का पैकेट और सुसाइड नोट बरामद हुआ है। एसपी ने डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम से साक्ष्य एकत्रित कराए हैं। पुलिस प्रथम दृष्टया खुदकुशी मान रही है।
कमासिन थाना क्षेत्र के उगऊं टोला लखनपुर गांव निवासी फूलकली और हरिया रविवार सुबह करीब पांच बजे बागों की तरफ आम बीनने निकलीं थी। जैसे ही वह गांव के बाहर नट बाबा के स्थान के पास पहुंचीं। उन्हें एक युवक और एक युवती का शव पड़ा दिखा। उनके चीख पुकार मचाने पर ग्रामीण एकत्रित हो गए और पुलिस को सूचना दी। कमासिन थानाध्यक्ष राकेश सिंह की सूचना पर एसपी अभिनंदन फोरेंसिक टीम व डाग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंचे। युवक का शव हैंडपंप के पास मिला। उसके शरीर पर बनियान था, नीचे का हिस्सा नग्न था। महिला का शव यहीं पर नीम के पेड़ के नीचे पड़ा था। दोनों की तलाशी में एसपी को एक सुसाइड नोट व दोनों के आधार कार्ड मिले। इसके आधार पर दोनों की पहचान कौशांबी जनपद के थाना पश्चिम शरीरा के ग्राम जगौली टेवा निवासी रामबाबू (35) व उसकी पत्नी लक्ष्मी देवी (32) के रूप में हुई। एसपी ने बताया कि शवों के पास से जहर के पैकेट सुसाइड नोट नहीं बल्कि एक पर्ची मिली है। एसपी ने प्रथम दृष्टया जहर खाकर खुदकुशी करने की बात कही है। घटना की सूचना पर मृतक का भाई विजय अपने बेटे स्वयंबर के साथ पहुंचा। उसने बताया कि दोनों 15 दिन से घर से लापता थे।
एसपी अभिनंदन, एएसपी लक्ष्मी निवास मिश्र, सीओ बबेरू राकेश सिंह, थानाध्यक्ष की मौजूदगी में सीन ऑफ क्राइम दोहराया गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं।
